Bihar News: एक साल बाद भी अपने ही लापता सिपाही को नहीं ढूंढ़ पायी मुंगेर पुलिस, जानें पूरा मामला
Published by : Radheshyam Kushwaha Updated At : 15 Sep 2024 7:40 PM
सांकेतिक तस्वीर
Bihar News: आपकी सेवा में हमेशा तत्पर रहने का दावा करने वाली मुंगेर पुलिस अपने ही लापता सिपाही राहुल कुमार को एक साल बाद भी नहीं ढूंढ़ पायी है. ढूंढ़ना तो दूर, मुंगेर पुलिस लापता सिपाही के मोबाइल तक का पता नहीं लगा सकी. इस परिस्थिति में मुंगेर पुलिस आखिर कैसे दूसरे लापता लोगों को ढूंढ़ कर लायेगी.
Bihar News: मुंगेर. पूर्णिया जिले के रामबाग पिंक सिटी निवासी कांस्टेबल राहुल की तैनाती क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) कोतवाली थाना में थी. वह 4 सितंबर 2023 को अचानक लापता हो गया. रविवार को उसके लापता हुए साल 14 दिन बीत चुके हैं. लेकिन आज तक न तो राहुल का पता लग पाया है और न ही पुलिस उसके मोबाइल को बरामद कर सकी है. मुंगेर पुलिस की हद तो यह है कि दो दिन बाद जब पूर्णिया से परिजन पहुंचे, तब मुंगेर पुलिस को पता चला कि उसका सिपाही लापता है. परिजनों ने उस समय बताया था कि 3 सितंबर को मां से बात हुई थी. लेकिन जब घरवालों ने 4 सितंबर की देर शाम राहुल के मोबाइल पर फोन किया, तो उसका मोबाइल स्विच ऑफ था. फिर अगले दिन 5 सितंबर को भी जब फोन किया, तो उसका मोबाइल स्विच ऑफ ही था. इसके बाद 6 सितंबर को परिजन मुंगेर पहुंचे और एसपी को इसकी सूचना दी. इसके बाद पुलिस हरकत में आयी.
साथी सिपाही के बयान पर दर्ज किया था एफआइआर
परिजनों को फोन पर कोतवाली थाना से मुकम्मल जवाब नहीं मिला, तब परिजन 6 सितंबर की देर शाम मुंगेर के कोतवाली थाना पहुंचे. इसके बाद एसपी को लापता कांस्टेबल राहुल कुमार की जानकरी दी. कोतवाली थाना पुलिस ने उस समय परिजनों को बताया कि राहुल ने 4 सितंबर की शाम 4 बजकर 16 मिनट पर अपने सहयोगी कांस्टेबल सुमन पासवान को मोबाइल पर कॉल कर बोला मैं अपने एक निजी कार्य से कहीं जा रहा हूं. लाल दरवाजा टीओपी पर सरकारी बाइक लगा दी है. तुम वहां से बाइक ले आना. साथी सिपाही बाइक ले आया. लेकिन उसने किसी सीनियर पदाधिकारी को इसकी सूचना नहीं दी थी. कोतवाली थानाध्यक्ष ने भी उसकी खोज नहीं की. जब एसपी सख्त हुए, तो मामले की छानबीन शुरू हुई. इसके बाद बेटवन बाजार फांड़ी के जिस बैरक में वह रहता था, वहां से सरकारी हथियार व उसका पर्स मिला. साथी कांस्टेबल सुमन पासवान के दिये गये आवेदन पर कोतवाली थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी.
25 हजार का इनाम भी हो गया बेकार
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद कोतवाली थाना की पुलिस और गठित एसआइटी ने उसकी खोज शुरू की. लेकिन न तो लापता सिपाही मिला और न ही उसका मोबाइल मिल सका. अनुसंधान ने जब दम तोड़ना शुरू किया, तो मुंगेर पुलिस ने 2024 में राहुल की सूचना पाने के लिए 25 हजार का इनाम घोषित किया. लेकिन राहुल के बारे में सूचना देने के लिए आज तक एक भी फोन कॉल तक नहीं आया. यह घोषणा भी बेकार हो गयी है.
कहते हैं पुलिस अधीक्षक
लापता सिपाही को लेकर कोतवाली थाना में प्राथमिकी दर्ज है. उसे ढूंढ़ने में मुंगेर पुलिस की टीम लगी हुई है, जो उसके बारे में पता लगाने के लिए लगातार काम कर रही है.
-सैयद इमरान मसूद, पुलिस अधीक्षक
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Radheshyam Kushwaha
राधेश्याम कुशवाहा ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से MJ (मास्टर ऑफ जर्नलिज्म) की शिक्षा प्राप्त करने के बाद अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत भोपाल से प्रकाशित राज एक्सप्रेस समाचार पत्र से की. इसके बाद उन्होंने समय जगत, राजस्थान पत्रिका और हिंदुस्तान जैसे प्रतिष्ठित समाचार संस्थानों में अपनी सेवाएं दीं. वर्तमान में वे प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में धर्म, अध्यात्म एवं राशिफल डेस्क पर कार्यरत हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में 13 वर्षों का अनुभव रखने वाले राधेश्याम कुशवाहा को ज्योतिष शास्त्र, पंचांग गणना, ग्रह गोचर, नक्षत्र परिवर्तन, व्रत-त्योहारों की तिथियों तथा शुभ मुहूर्तों का गहन ज्ञान है. अपनी विशेषज्ञता के आधार पर वे धर्म-अध्यात्म और राशिफल से जुड़ी सटीक, तथ्यपरक एवं विश्वसनीय खबरें लिखते हैं. धार्मिक ग्रंथों के अध्ययन में उनकी विशेष रुचि है. इसके अलावा राजनीति, अपराध और प्रेरणादायक (पॉजिटिव) विषयों पर लेखन में भी उनकी गहरी रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










