5 घंटे 15 मिनट लेट जमालपुर पहुंची अमरनाथ एक्सप्रेस, कई ट्रेनों की देरी से यात्रियों का सफर हुआ मुश्किल

Published by : AMIT KUMAR SINH Updated At : 04 Jun 2026 2:25 PM

विज्ञापन

Munger News : भीषण गर्मी के बीच ट्रेनों की लगातार देरी ने यात्रियों की परेशानी कई गुना बढ़ा दी है. जम्मू तवी-भागलपुर अमरनाथ एक्सप्रेस निर्धारित समय से 5 घंटे 15 मिनट की देरी से जमालपुर पहुंची, जबकि ब्रह्मपुत्र मेल समेत अन्य ट्रेनों का परिचालन भी घंटों विलंबित रहा. स्टेशन पर घंटों इंतजार करने को मजबूर यात्रियों ने रेलवे व्यवस्था पर नाराजगी जताई.

विज्ञापन

मुंगेर के जमालपुर से विजय कुमार गुप्ता की रिपोर्ट

Munger News : पूर्व रेलवे के मालदा मंडल अंतर्गत साहिबगंज लूप लाइन के भागलपुर-जमालपुर-किऊल रेलखंड पर गुरुवार को ट्रेन परिचालन बुरी तरह प्रभावित रहा. कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के घंटों विलंब से चलने के कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. सबसे अधिक प्रभावित जम्मू तवी-भागलपुर अमरनाथ एक्सप्रेस के यात्री रहे, जिन्हें घंटों अतिरिक्त सफर और इंतजार झेलना पड़ा.

पांच घंटे से अधिक लेट पहुंची अमरनाथ एक्सप्रेस

15098 डाउन जम्मू तवी-भागलपुर अमरनाथ एक्सप्रेस का जमालपुर स्टेशन पहुंचने का निर्धारित समय सुबह 7:59 बजे था. लेकिन ट्रेन लगभग 5 घंटे 15 मिनट की देरी से अपराह्न 1:22 बजे जमालपुर पहुंची. ट्रेन के विलंबित परिचालन से यात्रियों को स्टेशन और ट्रेन दोनों जगहों पर कठिनाइयों का सामना करना पड़ा.

जम्मू तवी से ही लेट शुरू हुई यात्रा

यात्रियों के अनुसार अमरनाथ एक्सप्रेस अपने प्रारंभिक स्टेशन जम्मू तवी से ही निर्धारित समय रात्रि 10:45 बजे के बजाय लगभग 2 घंटे 40 मिनट की देरी से रात 1:25 बजे रवाना हुई थी. इसके बाद मार्ग में विभिन्न स्थानों पर परिचालन प्रभावित होने से ट्रेन की देरी लगातार बढ़ती चली गई और आखिरकार जमालपुर पहुंचते-पहुंचते पांच घंटे से अधिक विलंब हो गया.

ब्रह्मपुत्र मेल भी नहीं रही समय पर

15658 अप कामाख्या-दिल्ली ब्रह्मपुत्र मेल का परिचालन भी प्रभावित रहा. इस ट्रेन का जमालपुर पहुंचने का निर्धारित समय सुबह 9:14 बजे था, लेकिन यह लगभग 2 घंटे 17 मिनट की देरी से पूर्वाह्न 11:31 बजे स्टेशन पहुंची. इससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त इंतजार करना पड़ा.

डेमू पैसेंजर ट्रेन भी घंटों विलंबित

महेशखूंट से मुंगेर होते हुए जमालपुर आने वाली 73461 अप महेशखूंट-जमालपुर डेमू पैसेंजर ट्रेन का परिचालन भी प्रभावित रहा. इस ट्रेन का जमालपुर पहुंचने का निर्धारित समय दोपहर 12:35 बजे था. रेलवे सूत्रों के अनुसार ट्रेन अपने प्रारंभिक स्टेशन महेशखूंट से सुबह 10:55 बजे के बजाय दोपहर 1:23 बजे रवाना हुई.

यात्रियों की बढ़ी परेशानी

ट्रेनों के लगातार विलंब से दैनिक यात्रियों, नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा. भीषण गर्मी के बीच घंटों स्टेशन पर इंतजार करने से यात्रियों में नाराजगी भी देखी गई. यात्रियों ने रेल प्रशासन से समयबद्ध परिचालन सुनिश्चित करने की मांग की है.

विज्ञापन
AMIT KUMAR SINH

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR SINH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन