Garhwa: 7.5 लाख की फिरौती के लिए पाइप फिटर का अपहरण, पुलिस ने 5 घंटे में ही कराया मुक्त

मामले की जानकारी देते एसडीपीओ
Garhwa: गढ़वा में फिरौती के लिए पाइप फिटर के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है. अपराधियों ने 7.5 लाख रुपये की मांग की थी, लेकिन पुलिस ने तेजी दिखाते हुए 5 घंटे के भीतर अपहृत को सुरक्षित बरामद कर लिया. मामले में दो लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है. पूरी खबर नीचे पढ़ें…
श्री बंशीधर नगर से गौरव पांडेय की रिपोर्ट
Garhwa (श्री बंशीधर नगर): गढ़वा पुलिस फिरौती के एक मामले का खुलासा 5 घंटे के अंदर ही कर लिया. पुलिस ने मझिआंव क्षेत्र से अपहृत एलएंडटी कंपनी के पाइप फिटर मुरारी तिवारी (32 वर्ष) को अपहरण के महज 5 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया है. पुलिस के बढ़ते चौतरफा दबाव के कारण अपराधी अपहृत व्यक्ति को छोड़कर भागने पर मजबूर हो गए. इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है.
घटना बुधवार (3 जून) की दोपहर करीब 2:30 बजे की है. मुरारी तिवारी (पिता: राम नरेश तिवारी) सगमा के पास सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के समीप काम कर रहे थे. इसी दौरान एक सफेद रंग की बोलेरो गाड़ी में सवार होकर चालक समेत 6 अज्ञात अपराधी वहां पहुंचे और बंदूक की नोंक पर उनका अपहरण कर लिया.
साढ़े सात लाख की फिरौती और स्कैनर से वसूले पैसे
अपहरण करने के बाद अपराधियों ने मुरारी तिवारी की रिहाई के एवज में उनके परिजनों से 7.5 लाख रुपये की भारी-भरकम फिरौती मांगी. इतना ही नहीं, अपराधियों ने डरा-धमकाकर परिजनों से ऑनलाइन स्कैनर के माध्यम से तुरंत 30,000 भी ट्रांसफर करवा लिए. गढ़वा पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर को जैसे ही इस अपहरण की सूचना मिली, उन्होंने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री बंशीधर नगर, सत्येन्द्र नारायण सिंह के नेतृत्व में तुरंत एक विशेष टीम का गठन कर कार्रवाई के निर्देश दिया, तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम ने मझिआंव थाना क्षेत्र के ग्राम-चन्दना में सघन छापेमारी की.
30000 रुपये ऑनलाइन मंगवाए
पुलिस ने दो संदिग्धों शेख अंसार और नदीम खान को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की. दोनों ने परिजनों से स्कैनर के जरिए 30,000 लेने की बात कबूल की और घटना में शामिल अपने अन्य सहयोगियों के नामों का भी खुलासा किया. जैसे ही स्पेशल टीम ने चिन्हित ठिकानों पर आरोपियों की धरपकड़ शुरू की, अपराधियों में हड़कंप मच गया. पुलिस के भारी दबाव और लगातार पीछा किए जाने से घबराकर बाकी अपराधी अपहृत मुरारी तिवारी को छोड़कर मौके से फरार हो गए.
कई धराओं के तहत मामला दर्ज
इस तरह पुलिस ने घटना के मात्र 5 घंटे के भीतर अपह्रत को सही-सलामत बरामद कर लिया. बताया गया कि इस संबंध में धुरकी थाना में कांड संख्या-66/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं (126(2)/ 115(2)/ 140(1)/ 140(2)/ 352/ 3(5) में मामला दर्ज कर आगे का अनुसंधान शुरू कर दिया गया है. गिरफ्तार अभियुक्तों में शेख अंसार (पिता: शेख तसव्वर) और नदीम खान (उम्र 21 वर्ष, पिता: शमीम खान) शामिल हैं, जो चन्दना, मझिआंव के निवासी हैं. इनके पास से 2 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं.
छापेमारी दल में ये थे शामिल
इस ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम में एसडीपीओ सत्येन्द्र नारायण सिंह, पुलिस निरीक्षक जितेन्द्र कुमार आजाद (नगर उंटारी अंचल), पुलिस निरीक्षक बृज कुमार (मझिआंव अंचल), भवनाथपुर थाना प्रभारी रजनी रंजन, मझिआंव थाना प्रभारी अमित कुमार, हरिहरपुर ओपी प्रभारी नसीम अंसारी, धुरकी थाना के पदाधिकारी सुभाषकान्त अकेला और शेखर कुमार सिंह समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
ये भी पढ़ें…
गढ़वा सदर अस्पताल का ब्लड बैंक बदहाल: गर्मी में बिना एसी-पंखे के रक्तदान करने को मजबूर लोग
गढ़वा: दानरो नदी को पॉल्यूशन फ्री रखने के लिए प्रशासन सख्त, उपायुक्त ने किया औचक निरीक्षण
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By अमलेश नंदन सिन्हा
अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










