गढ़वा: बड़गड़ में डाकघर की मांग पहुंची दिल्ली, सांसद वीडी राम ने केंद्रीय मंत्री सिंधिया को लिखा पत्र
बड़गड़ में डाकघर न होने से ग्रामीण परेशान हैं। पलामू सांसद वीडी राम ने केंद्रीय मंत्री को पत्र लिखकर जल्द डाकघर खोलने की मांग की है। जानें पूरी खबर।
घनश्याम कुमार सोनी की रपोर्ट
बड़गड़ (गढ़वा). बड़गड़ प्रखंड में डाकघर खोलने की वर्षों पुरानी ग्रामीणों की मांग अब केंद्र सरकार तक पहुंच गयी है. पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया को पत्र लिखकर बड़गड़ में डाकघर स्थापित करने की दिशा में आवश्यक पहल करने का आग्रह किया है.
निकटतम डाकघर करीब 50 किलोमीटर दूर
सांसद ने 11 अगस्त 2026 को लिखे पत्र में कहा है कि बड़गड़ प्रखंड के ग्रामीणों ने डाकघर नहीं होने से होने वाली परेशानियों से उन्हें अवगत कराया है. बड़गड़ से निकटतम डाकघर करीब 50 किलोमीटर दूर है. ऐसे में ग्रामीणों को डाक संबंधी जरूरी सेवाओं के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है. इससे खासकर बुजुर्गों, पेंशनभोगियों, छात्रों और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को परेशानी होती है. सांसद ने केंद्रीय मंत्री से ग्रामीणों की मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने और बड़गड़ में डाकघर खोलने की व्यवहार्यता की जांच कराने का आग्रह किया है. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने की भी मांग की है.
ये भी पढ़ें: गढ़वा: गणेश चतुर्थी-करमा पूजा को लेकर पुलिस अलर्ट, एसपी बोले- हुड़दंग किया तो होगी कार्रवाई
डाकघर खुलने से स्थानीय स्तर पर मिलेगी सुविधा
बड़गड़ में डाकघर खुलने से ग्रामीणों को डाक भेजने, पेंशन और सरकारी योजनाओं से संबंधित डाक प्राप्त करने समेत अन्य डाक सेवाओं के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा. स्थानीय लोगों ने सांसद की पहल के लिए आभार जताया है. ग्रामीणों को उम्मीद है कि केंद्र सरकार इस मांग पर जल्द सकारात्मक कदम उठायेगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए