गढ़वा के अविनाश देव को मिली बड़ी जिम्मेदारी, बने कुम्हार समन्वय समिति के प्रदेश अध्यक्ष
कुम्हार समन्वय समिति के प्रदेश अध्यक्ष अविनाश देव | Prabhat Khabar Network
झारखंड कुम्हार समन्वय समिति के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में अविनाश देव का चयन हुआ है. वे समाज को एकजुट करने और उनके अधिकारों के लिए राज्य स्तर पर काम करेंगे.
गढ़वा. झारखंड माटी कला बोर्ड के पूर्व सदस्य अविनाश देव को झारखंड कुम्हार समन्वय समिति का प्रदेश अध्यक्ष चुना गया है. रांची में आयोजित राज्य स्तरीय बैठक में उन्हें कुम्हार समाज को एक मंच पर लाने की जिम्मेदारी सौंपी गयी. उनके चयन पर गढ़वा जिले के कुम्हार समाज के लोगों ने खुशी जताते हुए बधाई दी है.
समाज को एक मंच पर लाने की जिम्मेदारी
अविनाश देव के सामने राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों में अलग-अलग नामों से संचालित कुम्हार समाज के संगठनों को एक मंच पर लाने की बड़ी चुनौती होगी. समिति का उद्देश्य कुम्हार समाज को सामाजिक, शैक्षणिक, आर्थिक और राजनीतिक रूप से मजबूत करना है. इसके साथ ही समाज के हक और अधिकार से जुड़े मुद्दों को संगठित तरीके से सरकार के सामने रखने की योजना है.
राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने पर जोर
समिति समाज के आरक्षण, सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले कुम्हार परिवारों तक पहुंचाने के लिए भी काम करेगी. इसके अलावा समाज की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया जायेगा. अविनाश देव ने कहा कि अलग-अलग संगठनों और पहचान से आगे बढ़कर पूरे समाज को एक मंच पर लाना उनकी प्राथमिकता होगी. जायज मांगों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष किया जायेगा. साथ ही राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों में रहने वाले कुम्हार परिवारों को संगठन से जोड़ा जायेगा.
रांची में बनेगा राज्य कार्यालय
समिति की ओर से रांची में राज्य कार्यालय स्थापित करने की योजना है. भविष्य में समाज का अपना भवन बनाने का भी लक्ष्य रखा गया है. इस भवन में शिक्षा, रोजगार और अन्य काम से रांची आने वाले समाज के छात्र-छात्राओं, युवाओं और जरूरतमंद लोगों के ठहरने की व्यवस्था करने की योजना है.
ये भी पढ़ें: गढ़वा: करके मिडिल स्कूल में MDM चावल चोरी का आरोप, ग्रामीणों ने युवक को पकड़ा, डीएसई बोले- होगी जांच
राज्य स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
अविनाश देव को प्रदेश अध्यक्ष बनाये जाने पर गढ़वा के कुम्हार समाज के लोगों ने कहा कि पलामू प्रमंडल से जुड़े व्यक्ति को राज्य स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना पूरे प्रमंडल के लिए गौरव की बात है. लोगों ने उम्मीद जतायी कि उनके अनुभव और सक्रियता से झारखंड के कुम्हार समाज को एकजुट करने के अभियान को गति मिलेगी.
समाज की एकजुटता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत
नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष अविनाश देव ने कहा कि समाज की एकजुटता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है. उनका प्रयास रहेगा कि झारखंड के कुम्हार समाज को एक मंच पर लाकर शिक्षा, रोजगार, सम्मान और अधिकार से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी आवाज उठायी जाये.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए