जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक लगातार लगा रहे गश्त

Published at :31 Mar 2018 5:38 AM (IST)
विज्ञापन
जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक लगातार लगा रहे गश्त

मुंगेर : पिछले तीन दिनों से मुंगेर शहर में चली आ रही तनाव की स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रित है. जगह-जगह दंडाधिकारी के नेतृत्व में सुरक्षा बल तैनात हैं. जबकि कई संवेदनशील स्थानों पर रैपिड एक्शन फोर्स, एसएसबी एवं एसटीएफ के जवानों को लगाया गया है. साथ ही किसी भी स्थिति से निबटने के लिए […]

विज्ञापन

मुंगेर : पिछले तीन दिनों से मुंगेर शहर में चली आ रही तनाव की स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रित है. जगह-जगह दंडाधिकारी के नेतृत्व में सुरक्षा बल तैनात हैं. जबकि कई संवेदनशील स्थानों पर रैपिड एक्शन फोर्स, एसएसबी एवं एसटीएफ के जवानों को लगाया गया है. साथ ही किसी भी स्थिति से निबटने के लिए प्रशासनिक स्तर पर पूरी तैयारी कर रखा गया है. शहर की सड़कों पर सायरन की आवाज गूंजती रही और पुलिस गश्त लगाती रही. इधर जिलाधिकारी उदय कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक आशीष भारती भी लगातार शहर की सड़कों पर गश्त लगाते देखे गये.

पुलिस छावनी में तब्दील है दो नंबर गुमटी : गुरुवार को पुलिस पर हुए पथराव, गोलीबारी के बाद दो नंबर गुमटी पूरी तरह से पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है. रात भर वरीय अधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस जवान वहां कैंप कर रहे हैं. उपविकास आयुक्त रामेश्वर पांडे, डीटीओ आलोक कुमार देर रात तक वहां कैंप करते देखे गये. शुक्रवार की सुबह भी वहां एसडीओ डॉ कुंदन कुमार, एएसपी हरिशंकर प्रसाद, एएसपी अभियान राणा नवीन वहां कैंप कर रहे थे. साथ ही रैपिड एक्सन फोर्स, एसएसबी एवं एसटीएफ ने मोर्चा संभाल रखा था.
चौक-चौराहे पर पुलिस कर रही कैंप:
शहर में सुरक्षा के मद्देनजर विभिन्न चौक-चौराहों पर दंडाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारी व पुलिस बल तैनात किये गये हैं. सभी संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात है. खासकर धार्मिक स्थलों की सुरक्षा पर भी विशेष चौकसी बरती जा रही है. प्रशासन का मानना है कि असामाजिक तत्व अपने मंसूबे को कामयाब करने के लिए इधर-उधर कोई अप्रिय वारदात न करें. इसके लिए हर स्तर पर चौकसी की जा रही. इसके साथ ही पुलिस अब शहर को अशांत करने वाले तत्वों पर भी कार्रवाई प्रारंभ कर दी है. अबतक दर्जन भर आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा चुका है. साथ ही पूरे घटनाक्रम में जिन लोगों की संदिग्ध भूमिका रही है. वैसे तत्वों की पहचान कर उसके विरुद्ध कार्रवाई की योजना बनायी गयी है.
खुले बाजार, जनजीवन सामान्य
मुंगेर में शुक्रवार को स्थिति पूरी तरह सामान्य रही और जनजीवन आम दिनों की तरह रफ्तार में रहा. बाजार खुलने के साथ ही शहर में चहल-पहल का माहौल रहा और लोग अपने नित्य कार्यों में लगे रहे. यूं तो गुड फ्राइडे के अवकाश के कारण सरकारी व गैर सरकारी कार्यालय बंद रहे. लेकिन आम जनजीवन अपने कार्यों में व्यस्त दिखा. सड़कों पर भीड़-भाड़ के साथ ही वाहनों का परिचालन भी सामान्य रहा. मुंगेर के अमन पसंद लोगों ने उपद्रवी तत्वों के मंसूबे को विफल करते हुए शहर में अमन-चैन का माहौल कायम किया है.
कहते हैं पुलिस अधीक्षक
पुलिस अधीक्षक आशीष भारती ने कहा कि मुंगेर में स्थिति पूरी तरह सामान्य है और सुरक्षा के दृष्टिकोण से पर्याप्त सुरक्षा बलों को तैनात कर रखा गया है. असामाजिक एवं उपद्रवी तत्वों के विरुद्ध पुलिस द्वारा कार्रवाई प्रारंभ कर दी गयी है और अबतक दर्जन भर तत्वों की पहचान कर उसे जेल भेजा जा चुका है. अन्य उपद्रवियों की गिरफ्तारी के भी निर्देश दिये गये हैं.
कहते हैं जिलाधिकारी
जिलाधिकारी उदय कुमार सिंह ने कहा कि मुंगेर के अमन पसंद लोगों ने शहर की स्थिति को पूरी तरह सामान्य कर दिया है और प्रशासन हर गतिविधि पर नजर रखे हुए है. किसी को भी कानून हाथ में लेने की छूट नहीं दी जा सकती. असामाजिक व उपद्रवी तत्वों के मंसूबे को प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया है और ऐसे तत्वों की पहचान कर उसके विरुद्ध नियमानुकूल कार्रवाई की जा रही.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन