वरिष्ठ नागरिक व दिव्यांगों को नहीं मिलती विशेष सुविधा
Published by :Prabhat Khabar Digital Desk
Published at :29 Nov 2017 5:39 AM (IST)
विज्ञापन

सामान्य मरीजों की तरह मिलती है सुविधा मुंगेर : वरिष्ठ नागरिक तथा दिव्यांगों का नाम सुनने मात्र से लोगों में सेवा-भावना जग जाती है़ केंद्र व राज्य सरकार ने भी वरिष्ठ नागरिक तथा दिव्यांगों के सम्मान के लिए कई लाभकारी योजनाएं चला रखी है़ किंतु मुंगेर सदर अस्पताल में वरिष्ठ नागरिक तथा दिव्यांगों के लिए […]
विज्ञापन
सामान्य मरीजों की तरह मिलती है सुविधा
मुंगेर : वरिष्ठ नागरिक तथा दिव्यांगों का नाम सुनने मात्र से लोगों में सेवा-भावना जग जाती है़ केंद्र व राज्य सरकार ने भी वरिष्ठ नागरिक तथा दिव्यांगों के सम्मान के लिए कई लाभकारी योजनाएं चला रखी है़ किंतु मुंगेर सदर अस्पताल में वरिष्ठ नागरिक तथा दिव्यांगों के लिए अलग से कोई स्थान नहीं है़
यहां तो वरिष्ठ नागरिक तथा दिव्यांगों के नाम को भी मजाक बना कर रख दिया गया है़ हाल यह है कि सदर अस्पताल में वरिष्ठ नागरिक तथा दिव्यांगों को इलाज के लिए सामान्य मरीजों के साथ ही लाइन में खड़ा होना पड़ता है, जो कि काफी दुर्भाग्यपूर्ण व चिंताजनक है़ अस्पताल प्रबंधन की अनदेखी के कारण दूर-दराज से आये वरिष्ठ नागरिकों व दिव्यांगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है़
अलग से ओपीडी की नहीं है व्यवस्था
यूं तो सदर अस्पताल में विभिन्न विभागों के लिए अलग-अलग आउटडोर सेवा की सुविधा उपलब्ध है, किंतु यहां वरिष्ठ नागरिक तथा दिव्यांगों को इस सुविधा से महरूम रखा गया है़ उपलब्धि गिनाने के लिए सदर अस्पताल प्रबंधन द्वारा इमरजेंसी वार्ड के इसीजी कक्ष के बाहर वरिष्ठ नागरिक तथा दिव्यांगों के लिए ओपीडी का बोर्ड लगा दिया गया था,
किंतु अब उस बोर्ड को भी हटा दिया गया है़ हाल यह है कि सदर अस्पताल में वरिष्ठ नागरिक तथा दिव्यांगों की चिकित्सा सेवा महज एक छलावा बन कर रह गया है़ यहां पर अब सिर्फ एक्स-रे का ही काम होता है, वरिष्ठ नागरिक तथा दिव्यांगों को इलाज के लिए जीओपीडी में ही सामान्य मरीजों के साथ लाइन लगनी पड़ती है़ जहां रैंप की व्यवस्था नहीं रहने के कारण दिव्यांगों को रेंग कर पहुंचना पड़ता है़
दमा से पीड़ित हूं, एक महीने से हूं परेशान
हाजीसुजान निवासी 60 वर्षीय मरीज मो.इलयास ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को यहां देखने वाला कोई नहीं है़ वे दमा से पीड़ित हैं तथा पिछले एक माह से इलाज के लिए जीओपीडी में ही लाइन लगने को विवश हैं. सदर प्रखंड के मय गांव निवासी कारे यादव ने कहा कि अब उनलोगों को सामान्य लोगों के साथ लाइन में खड़ा रहने की उम्र नहीं रह गयी है़ लेकिन अस्पताल प्रबंधन के कुव्यवस्था के कारण यहां बुजुर्गों को अलग से ओपीडी की सेवा नहीं मिल रही है़ वहीं रिफ्यूजी कॉलोनी निवासी रमेश प्रसाद ने कहा कि उन्हें सदर अस्पताल में वरिष्ठ नागरिक की सुविधा नहीं मिलती है़
कहते हैं अस्पताल उपाधीक्षक
अस्पताल उपाधीक्षक डॉ राकेश कुमार सिन्हा ने बताया कि वरिष्ठ नागरिक तथा दिव्यांगों के लिए फिलहाल इमरजेंसी वार्ड में ही दोपहर के समय आउटडोर सेवा की सुविधा दी गयी है़ जो चिकित्सक उस समय इमरजेंसी में रहेंगे, वहीं वरिष्ठ नागरिक तथा दिव्यांग मरीजों को भी देखेंगे़
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










