धारदार हथियार से काट मां की हत्या, बेटी गंभीर

Published at :06 Nov 2017 8:13 AM (IST)
विज्ञापन
धारदार हथियार से काट मां की हत्या, बेटी गंभीर

वारदात. डायन का आरोप लगा सोयी अवस्था में दिया अंजाम हवेली खड़गपुर(मुंगेर) : नक्सल प्रभावित हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र के रामबिहारीपुर गांव में डायन के आरोप में शनिवार की देर रात सोयी अवस्था में एक आंगनबाड़ी सहायिका करुणा देवी (40) की जहां धारदार हथियार से गला काट कर हत्या कर दी गयी. वहीं उनकी बेटी […]

विज्ञापन

वारदात. डायन का आरोप लगा सोयी अवस्था में दिया अंजाम

हवेली खड़गपुर(मुंगेर) : नक्सल प्रभावित हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र के रामबिहारीपुर गांव में डायन के आरोप में शनिवार की देर रात सोयी अवस्था में एक आंगनबाड़ी सहायिका करुणा देवी (40) की जहां धारदार हथियार से गला काट कर हत्या कर दी गयी. वहीं उनकी बेटी पर भी धारदार हथियार से हमला किया गया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गयी. घायल बेटी को इलाज के लिए भागलपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भरती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति गंभीर बतायी जाती है. वहीं इस मामले में पुलिस तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.

शनिवार को रामबिहारपुर गांव के कृष्णदेव यादव की मां मनोरमा देवी का देहांत हो गया था. गांव के अधिकांश पुरुष उसके दाह संस्कार में भाग लेने के लिए सुलतानगंज गये हुए थे. रात में नरेश यादव की पत्नी करुणा देवी और उसकी पुत्री प्रीति कुमारी घर के बरामदे वाले कमरे में सोयी हुई थी.

जबकि, करुणा देवी का पुत्र गोलू घर के अंदर कमरे में सोया हुआ था. देर रात तेज धारदार हथियार के साथ पड़ोस का ही पंकज यादव अपने सहयोगी के साथ उसके घर पहुंचा और मां-बेटी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. करुणा देवी के गला, बांह सहित शरीर के अन्य हिस्सों में प्रहार किया गया. घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गयी, जबकि पुत्री प्रीति पर भी धारदार हथियार से हमला किया गया. दोनों को मृत समझ कर हत्यारा भाग निकला.

कहते हैं डीएसपी : तारापुर डीएसपी सह प्रभारी डीएसपी हवेली खड़गपुर महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि डायन का आरोप लगा कर पंकज यादव ने तेजधार हथियार से मां-बेटी पर हमला किया. इसमें मां करुणा की मौत हो गयी और प्रीति कुमारी बुरी तरह घायल है. उसका इलाज चल रहा है. पुलिस हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.

लड़की के रोने की आवाज सुन पहुंचे पड़ोसी

करुणा के घर के बगल में ही एक पति-पत्नी के बीच झगड़ा चल रहा था. उसने एक लड़की के रोने की आवाज सुनी. झगड़ा छोड़ कर दोनों लड़की की आवाज सुनने लगे. लड़की कह रही थी कि माय हम्मे मर जैबे, हमरा इलाज करावे ले चल. दोनों दौड़ कर करुणा देवी के घर पहुंचे, तो देखा कि दोनों लहूलुहान है. करुणा मृत पड़ी हुई थी और प्रीति बुरी तरह जख्मी व बदहवास थी. पति-पत्नी ने हल्ला कर गांव वालों को बुलाया. गांव की प्रमिला देवी, रंजना देवी, बबलू तांती, दिनेश यादव घायल प्रीति को लेकर इलाज के लिए ले गये.

चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए भागलपुर मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया. मृतका के छोटे बेटे गोलू ने बताया कि उसकी मां-बहन पर पंकज यादव ने हमला किया है. क्योंकि उसके भाई सुबोध यादव की मौत बीमारी से हुई थी, लेकिन पंकज व उसकी भाभी ने उसकी मां पर डायन होने का आरोप लगाते हुए कहा था कि सुबोध को उसकी मां ने खा लिया.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन