सड़क किनारे रखे बालू-ईंट से अनियंत्रित होकर पलटा टोटो, चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत
Published by : Divyanshu Prashant Updated At : 11 May 2026 10:05 AM
घटनास्थल पर मौजूद पुलिस
मुंगेर के टेटिया बंबर थाना क्षेत्र में सड़क किनारे रखे बालू और ईंट के कारण अनियंत्रित होकर एक टोटो खेत में पलट गया, जिससे चालक सुरेंद्र यादव की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है, वहीं परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है.
मुंगेर से राणा गौरी शंकर कि रिपोर्ट: टेटिया बंबर थाना क्षेत्र के किसौली पंचायत अंतर्गत जहांगीर टोला में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में टोटो चालक की जान चली गई. घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई. मृतक की पहचान छोटी केसौली गांव निवासी सुरेंद्र यादव उर्फ सोलो यादव के रूप में हुई है.
बालू और ईंट के कारण खेत में जा पलटा टोटो
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार को सुरेंद्र यादव अपने टोटो से टेटिया बंबर की ओर जा रहे थे. इसी दौरान गांव के बाहर सड़क किनारे बालू और ईंट रखे होने के कारण उनका टोटो अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे खेत में जा पलटा. यह हादसा इतना भीषण था कि टोटो चालक सुरेंद्र यादव की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
पुलिस ने शव को लिया कब्जे में, परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे की सूचना मिलते ही टेटिया बंबर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है और आक्रोशित व दुखी परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया. मृतक की पत्नी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों का कहना है कि सुरेंद्र यादव ही अपने परिवार के मुख्य कमाऊ सदस्य थे, ऐसे में उनकी अचानक मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
मुखिया ने दी कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत सहायता राशि
इस दुखद घटना पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी गहरी संवेदना व्यक्त की है. किसौली पंचायत के मुखिया मुरारी मोहन मुकुंद ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर ढांढस बंधाया और कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत मृतक के परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए तत्काल तीन हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की. इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Divyanshu Prashant
दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में Prabhat Khabar डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा से पत्रकारिता में परास्नातक तथा टी. एन. बी. कॉलेज भागलपुर से हिंदी साहित्य में स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। हिंदी साहित्य की पृष्ठभूमि होने के कारण उन्हें पढ़ने, लेखन और कविता-सृजन में विशेष रुचि है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे Dainik Jagran में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










