एनएच 80 पर महाजाम: बरियारपुर में 4 किलोमीटर तक लगी ट्रकों की कतारें, यातायात पूरी तरह ठप

Updated:
विज्ञापन

ट्रक की लंंबी कतारें

भागलपुर का विक्रमशिला सेतु टूटने और फोरलेन का काम अधूरा होने के कारण बरियारपुर एनएच 80 पर ट्रकों की 4 किलोमीटर लंबी कतारें लग गई हैं. सड़क संकरी होने के कारण लग रहे महाजाम से 10 मिनट का सफर घंटों में बदल गया है, जिससे मरीजों और आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

विज्ञापन

मुंगेर के बरियारपुर से संजीव कुमार की रिपोर्ट: भागलपुर का विक्रमशिला सेतु क्षतिग्रस्त होने के बाद से मुंगेर के बरियारपुर में एनएच 80 पर हालात बदतर हो गए हैं. आए दिन यहां महाजाम की स्थिति बनी रहती है. पुल बंद होने के कारण ट्रकों सहित सभी बड़े वाहनों का पूरा दबाव भागलपुर से बरियारपुर होते हुए मुंगेर की ओर आ गया है. फोरलेन का निर्माण कार्य अब तक अधूरा होने के कारण खगड़िया जाने के लिए भारी वाहनों के पास बरियारपुर का ही एकमात्र विकल्प बचा है, जिसने यातायात व्यवस्था की कमर तोड़ दी है.

बाजार से कल्याणपुर स्टेशन तक ट्रकों का कब्जा

बरियारपुर-मुंगेर एनएच पर ट्रकों की 3 से 4 किलोमीटर लंबी कतारें लग गई हैं. यह जाम बरियारपुर बाजार से शुरू होकर कल्याणपुर रेलवे स्टेशन तक पहुंच गया है. सड़क की चौड़ाई इतनी नहीं है कि एक किनारे पर ट्रकों की कतार लगने के बाद बाकी बचे हिस्से से दो गाड़ियां आसानी से गुजर सकें. जल्दी आगे निकलने की होड़ में जब आमने-सामने से गाड़ियां आ जाती हैं, तो जगह कम पड़ जाती है और पूरा मार्ग घंटों के लिए अवरुद्ध हो जाता है.

10 मिनट की दूरी तय करने में लग रहे घंटे

सड़क जाम होने के कारण आम जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है. रोजमर्रा के काम से निकलने वाले वाहन चालकों को महज 10 मिनट की दूरी तय करने में घंटों का समय लग रहा है. इस महाजाम का सबसे बुरा असर नौकरीपेशा लोगों और गंभीर मरीजों पर पड़ रहा है. कार्यालय पहुंचने या मरीजों को बेहतर इलाज के लिए बड़े शहरों के अस्पतालों तक ले जाने के लिए लोगों को अब निर्धारित समय से कई घंटे पहले घर से निकलना पड़ रहा है.

प्रशासनिक राहत का इंतजार

लगातार लग रहे इस जाम से स्थानीय लोगों और राहगीरों में भारी आक्रोश और निराशा है. स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि एनएच 80 पर सफर करना अब किसी बुरे सपने से कम नहीं है. अब देखना यह है कि जिला प्रशासन और संबंधित विभाग आम जनता को इस भीषण और जानलेवा जाम की समस्या से कब तक राहत दिला पाते हैं.

विज्ञापन
दिव्यांशु प्रशांत

लेखक के बारे में

By दिव्यांशु प्रशांत

दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में परास्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे दैनिक जागरण में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने टी. एन. बी. कॉलेज से हिंदी साहित्य में स्नातक किया है, जिसके कारण साहित्य, पठन-पाठन, लेखन और कविता-सृजन में उनकी विशेष रुचि है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन