मोतिहारी: चार साल तक वेतन लंबित रखने के मामले में दो प्रधानाध्यापक निलंबित

जिला शिक्षा पदाधिकारी राजन कुमार गिरी| फाईल फोटो
पूर्वी चंपारण के मोतिहारी में 4 साल से लंबित वेतन भुगतान के मामले में शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, गायघाट कन्या के दो प्रधानाध्यापकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. यह मामला शिक्षिका के पति के निधन के बाद सामने आया.
Motihari News: पूर्वी चंपारण जिले के हरसिद्धि प्रखंड स्थित राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, गायघाट कन्या के प्रधानाध्यापक अमिन्द्र सिंह को शिक्षिका के करीब चार वर्षों से लंबित वेतन भुगतान के मामले में लापरवाही और शिथिलता बरतने के आरोप में जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) राजन कुमार गिरी ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. इसी मामले में विद्यालय के पूर्व प्रधानाध्यापक एवं वर्तमान विशिष्ट शिक्षक संजय कुमार को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है.
पति के निधन के बाद सामने आया मामला
जानकारी के अनुसार विद्यालय की शिक्षिका रश्मि स्वराज के पति के 11 जुलाई 2026 को निधन के बाद उनका करीब चार वर्षों से लंबित वेतन का मामला सामने आया. मामले की गंभीरता को देखते हुए डीईओ ने 12 जुलाई 2026 को दो सदस्यीय जांच समिति गठित की थी.
जांच रिपोर्ट में प्रधानाध्यापक को माना गया जिम्मेदार
20 जुलाई 2026 को जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट डीईओ को सौंपी. रिपोर्ट में शिक्षिका के वेतन भुगतान में हुई देरी के लिए प्रधानाध्यापक अमिन्द्र सिंह को जिम्मेदार ठहराया गया. इसके बाद डीईओ कार्यालय ने उनसे स्पष्टीकरण मांगा, लेकिन निर्धारित समय सीमा के भीतर कोई जवाब प्राप्त नहीं हुआ.
अरेराज बीईओ कार्यालय बनाया गया मुख्यालय
निलंबन अवधि के दौरान अमिन्द्र सिंह का मुख्यालय प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, अरेराज का कार्यालय निर्धारित किया गया है. उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा. विभाग की ओर से उनके विरुद्ध अलग से आरोप-पत्र भी जारी किया जाएगा.
इसी प्रकरण में संबंधित विद्यालय के पूर्व प्रधानाध्यापक एवं वर्तमान विशिष्ट शिक्षक संजय कुमार को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










