मोतिहारी: आकांक्षी प्रखंडों की समीक्षा, विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

Updated:
विज्ञापन
अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करते केन्द्रीय प्रभारी अधिकारी, साथ में डीएम, डीडीसी व अन्य | Prabhat Khabar Network

समीक्षा बैठक करते केन्द्रीय प्रभारी अधिकारी, साथ में डीएम, डीडीसी व अन्य | Prabhat Khabar Network

नीति आयोग के आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के तहत पूर्वी चंपारण के केसरिया और कल्याणपुर प्रखंडों की प्रगति का मूल्यांकन किया गया. केंद्रीय प्रभारी पदाधिकारी ने विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए.

विज्ञापन

Motihari News: नीति आयोग द्वारा संचालित आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के तहत चयनित पूर्वी चंपारण जिले के केसरिया एवं कल्याणपुर प्रखंडों की प्रगति को लेकर बुधवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय प्रभारी पदाधिकारी-सह-निदेशक, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय (भारत सरकार) नीरज कुमार ने की. बैठक में आकांक्षी प्रखंडों के विकास से जुड़े विभिन्न सामाजिक और आर्थिक पहलुओं की विस्तार से समीक्षा की गई.

पांच प्रमुख थीम और 40 संकेतकों की हुई समीक्षा

बैठक में निर्धारित पांच प्रमुख थीम के अंतर्गत शामिल सभी 40 संकेतकों की बिंदुवार समीक्षा की गई. इनमें स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, कृषि एवं संबद्ध सेवाएं, आधारभूत संरचना तथा सामाजिक विकास से जुड़े संकेतकों की प्रगति का मूल्यांकन किया गया.

यह भी पढ़ें: पूर्वी चंपारण में नई चीनी मिल स्थापना की दिशा में बढ़ा कदम, तकनीकी सर्वे पूरा

समय पर पोर्टल अपडेट और सुधार के निर्देश

केंद्रीय प्रभारी पदाधिकारी नीरज कुमार ने संबंधित जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों को सभी आवश्यक आंकड़ों की समय पर पोर्टल पर प्रविष्टि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि जिन संकेतकों में प्रखंडों का प्रदर्शन राज्य या राष्ट्रीय औसत से कम है, उनमें शीघ्र सुधार के लिए विशेष कार्ययोजना बनाकर प्रभावी कार्रवाई की जाए.

समीक्षा बैठक में मौजूद रहे कई वरिष्ठ अधिकारी

बैठक में जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव, सहायता समाहर्ता राजकृष्ण झा, सहायक समाहर्ता, डीडीसी डॉ. प्रदीप कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी तथा केसरिया और कल्याणपुर प्रखंडों के अधिकारी मौजूद रहे.

आंगनबाड़ी, स्कूल और स्वास्थ्य केंद्रों का किया निरीक्षण

समीक्षा बैठक के बाद केंद्रीय प्रभारी पदाधिकारी ने केसरिया और कल्याणपुर प्रखंडों के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया. उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों, विद्यालयों और स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को दूर करने तथा आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए.


विज्ञापन
Intejarul Haq

लेखक के बारे में

By Intejarul Haq

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन