नेपाल में विमान ईंधन चोरी का खुलासा, पेट्रोल पंप संचालक समेत सात गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन

छापेमारी के दौरान पेट्रोल पंप पर लगा टैंकर

नेपाल के पर्सा जिला पुलिस ने विमान ईंधन की चोरी और अवैध बिक्री का पर्दाफाश किया है. वीरगंज के एक पेट्रोल पंप पर छापेमारी कर संचालक सहित सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है. यह ईंधन बिहार के बरौनी से काठमांडू ले जाया जा रहा था.

विज्ञापन

Raxaul News: नेपाल के पर्सा जिला पुलिस कार्यालय ने विमान ईंधन की चोरी और अवैध बिक्री के एक बड़े मामले का खुलासा किया है. पुलिस ने वीरगंज महानगरपालिका-14 स्थित एक पेट्रोल पंप पर छापेमारी कर संचालक समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार बिहार के बरौनी टर्मिनल से काठमांडू के सिनामंगल स्थित विमान ईंधन डिपो के लिए जा रहे टैंकर से रास्ते में ईंधन चोरी किया जा रहा था.

गोपनीय सूचना पर पेट्रोल पंप में छापेमारी

पर्सा पुलिस को सूचना मिली थी कि विमान ईंधन से भरे टैंकर से रास्ते में चोरी कर ईंधन की अवैध बिक्री की जा रही है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गुरुवार शाम करीब 5:10 बजे वीरगंज महानगरपालिका-14 स्थित बाइपास सड़क के सौदागर ऑयल सेंटर पर छापेमारी की.

यह भी पढ़ें: गोविंदगंज में पोखर में डूबने से मां और चार बच्चों की मौत, गांव में पसरा मातम

टैंकर की सील खोलकर निकाला जा रहा था ईंधन

पुलिस के अनुसार जांच के दौरान 20 हजार लीटर क्षमता वाले टैंकर (ना 7 ख 1539) से अवैध तरीके से विमान ईंधन निकाला जा रहा था. आरोप है कि टैंकर की सील को लोहे के हुक और पाइप की मदद से उठाकर ईंधन गैलनों में भरा जा रहा था.

पेट्रोल पंप संचालक समेत सात गिरफ्तार

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से सात लोगों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपियों में पेट्रोल पंप संचालक 55 वर्षीय सुनैन मियां, कर्मचारी असलम हवारी (23), रफीक मियां (21), संदेश राना मगर (20), केशर राम सुनार (46), मंद सिंह लामा (50) तथा उमेश राना मगर (27) शामिल हैं.

बरौनी से काठमांडू जा रहा था विमान ईंधन

पुलिस के अनुसार टैंकर बिहार स्थित इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के बरौनी टर्मिनल से नेपाल ऑयल निगम के सिनामंगल, काठमांडू स्थित विमान ईंधन डिपो के लिए रवाना हुआ था. इसी दौरान रास्ते में ईंधन चोरी किए जाने की बात सामने आई है.

पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

पर्सा जिला पुलिस कार्यालय के प्रवक्ता एवं डीएसपी चक्रबहादुर मल्ल ने बताया कि सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि विमान ईंधन की चोरी और अवैध बिक्री के इस कारोबार में अन्य लोगों की संलिप्तता है या नहीं.

यह भी पढ़ें: गोविंदगंज में पोखर में डूबने से मां और चार बच्चों की मौत, गांव में पसरा मातम


विज्ञापन
मनोज कुमार गुप्ता

लेखक के बारे में

By मनोज कुमार गुप्ता

मनोज कुमार गुप्ता बीते 15 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. वह प्रिंट, रेडियो और डिजिटल माध्यमों का व्यापक अनुभव रखते हैं. वर्तमान में भारत-नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्र से रिपोर्टिंग करते हुए अंतरराष्ट्रीय संबंधों, सीमा सुरक्षा और नेपाल की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं. सामाजिक सरोकारों में गहरी रुचि के साथ वे क्षेत्र की जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने और उनके समाधान के प्रयासों के लिए जाने जाते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन