मोतिहारी में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की तैयारी तेज, जनभागीदारी पर डीएम ने दिया जोर
बैठक में मौजूद डीएम व अन्य
मोतिहारी में 'हर घर तिरंगा' अभियान को भव्य बनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं. इस वर्ष, राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम' के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में एक विशेष थीम पर यह आयोजन किया जाएगा. जनभागीदारी पर विशेष जोर देते हुए, जिले के हर घर और सार्वजनिक स्थलों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा.
Motihari News: भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय और बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति विभाग से प्राप्त दिशा-निर्देशों के आलोक में जिला प्रशासन ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की तैयारियां तेज कर दी हैं. अभियान को व्यापक और भव्य रूप देने के उद्देश्य से डीएम सौरभ सुमन यादव की अध्यक्षता में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ सभी बीडीओ, जीविका के नोडल पदाधिकारी एवं स्काउट एवं गाइड के जिला आयुक्त शामिल हुए.
वंदे मातरम के 150 वर्ष की थीम पर होगा आयोजन
बैठक को संबोधित करते हुए डीएम सौरभ सुमन यादव ने बताया कि इस बार ‘हर घर तिरंगा’ अभियान राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने की गौरवशाली थीम पर आयोजित किया जा रहा है. इसका उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के भीतर देशभक्ति और राष्ट्र गौरव की भावना को और अधिक प्रबल करना है.
सभी भवनों पर लहराएगा तिरंगा
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुसार अभियान की तैयारियां पूरी करें. अभियान के तहत जिले के प्रत्येक नागरिक के घर, सभी सरकारी कार्यालयों तथा सार्वजनिक भवनों और स्थलों पर गरिमा के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा.
जनभागीदारी पर विशेष जोर
जिलाधिकारी ने अभियान में आम लोगों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया. उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ को केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखते हुए इसे जन आंदोलन का स्वरूप दिया जाना चाहिए. इसके लिए स्थानीय स्तर पर लोगों को जागरूक करने और अभियान से जोड़ने की आवश्यकता है.
अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ काम करने का निर्देश
डीएम ने बैठक में मौजूद सभी अधिकारियों को अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि अभियान को सफल बनाने के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है. संबंधित पदाधिकारियों को समय पर तैयारियां पूरी करने और सरकार की गाइडलाइन का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया.
यह भी पढ़ें: कमर तक पानी में ड्यूटी, बिना पुल ऐसे भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा कर रहे SSB जवान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











