मोतिहारी: 61 पदों के लिए करीब 2 हजार आवेदन, जिला नियोजन कार्यालय ने तेज की तैयारी
जिला नियोजनालय परिसर में अभ्यर्थियों की भीड़
मोतिहारी सिविल कोर्ट में परिचारक (अटेंडेंट) के 61 पदों के लिए बंपर भर्ती निकली है. सीमित पदों के लिए करीब 2000 आवेदन आए हैं. अब लिखित परीक्षा के माध्यम से चयन होगा.
Motihari News: मोतिहारी सिविल कोर्ट में परिचारक (अटेंडेंट) के 61 पदों पर संविदा आधारित बहाली के लिए बेरोजगार युवाओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है. सीमित पदों के मुकाबले करीब दो हजार आवेदन प्राप्त होने के बाद अब चयन प्रक्रिया लिखित परीक्षा के माध्यम से कराई जाएगी. भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त बनाने के लिए जिला नियोजन कार्यालय ने तैयारियां तेज कर दी हैं.
61 पदों के लिए करीब दो हजार आवेदन
जिला नियोजन पदाधिकारी अंकित राज ने बताया कि प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पत्र के आलोक में भर्ती प्रक्रिया संचालित की जा रही है. आवेदन की अंतिम तिथि तक करीब दो हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन जमा किया. आवेदन के अंतिम दिनों में जिला नियोजन कार्यालय परिसर में अभ्यर्थियों की भारी भीड़ देखने को मिली.
संविदा पर एक वर्ष के लिए होगी नियुक्ति
भर्ती पूरी तरह संविदा के आधार पर एक वर्ष के लिए की जाएगी. इसके लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता मैट्रिक (10वीं) पास निर्धारित की गई थी. सीमित अवधि और कम मानदेय के बावजूद बड़ी संख्या में युवाओं ने आवेदन किया है.
जिला नियोजन कार्यालय बना नोडल एजेंसी
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के निर्देश पर जिला नियोजन कार्यालय, पूर्वी चंपारण को भर्ती प्रक्रिया की नोडल एजेंसी बनाया गया है. जिला नियोजन पदाधिकारी ने बताया कि सभी आवेदनों की स्क्रूटनी की जा रही है और पूरी चयन प्रक्रिया नियमानुसार संपन्न कराई जाएगी.
लिखित परीक्षा के बाद होगा इंटरव्यू
भर्ती प्रक्रिया के तहत सबसे पहले ऑफलाइन प्राप्त आवेदनों की जांच कर वैध एवं अवैध आवेदन अलग किए जाएंगे. इसके बाद योग्य अभ्यर्थियों के लिए लिखित परीक्षा आयोजित होगी. परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को मूल शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, आवासीय एवं चरित्र प्रमाण-पत्र के साथ साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा.
जल्द जारी होगी परीक्षा तिथि
जिला नियोजन कार्यालय के अनुसार लिखित परीक्षा की तिथि तथा प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) से संबंधित सूचना जल्द ही आधिकारिक माध्यमों से जारी की जाएगी. अभ्यर्थियों से विभागीय सूचनाओं पर नियमित नजर रखने की अपील की गई है.
यह भी पढ़ेंं: चौतरवा गोलीकांड में बड़ा फैसला: पिता-पुत्र को हत्या के प्रयास में आजीवन कारावास, 1-1 लाख जुर्माना
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











