मधुबनी: पेट्रोल-डीजल के बाद अब दूध-दही महंगा, बिगड़ा घरेलू बजट
Published by : Sarfaraz Ahmad Updated At : 25 May 2026 5:29 PM
थाना चौक स्थित सुधा केंद्र
पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद अब सुधा डेयरी ने दूध, दही, घी, पनीर और मिठाइयों के दाम बढ़ा दिए हैं. नई दरों से आम लोगों का घरेलू बजट प्रभावित हुआ है. पढ़ें पूरी खबर...
मधुबनी से कार्तिक कुमार की रिपोर्ट
Madhubani News: पिछले दस दिनों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में चार बार हुई बढ़ोतरी के बाद अब डेयरी उत्पादों की महंगाई ने आम लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है. सुधा डेयरी ने टोंड मिल्क, काऊ मिल्क और फुल क्रीम दूध समेत कई उत्पादों की कीमतों में वृद्धि कर दी है. नई दरें सोमवार से लागू हो गई हैं, जिससे आम उपभोक्ताओं के मासिक खर्च पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा.
दूध से लेकर मिठाई तक महंगे
ईंधन की लगातार बढ़ती कीमतों के कारण पहले से ही परिवहन और आवश्यक वस्तुओं के दाम बढ़ रहे थे. अब सुधा डेयरी द्वारा दूध एवं अन्य डेयरी उत्पादों के दाम बढ़ाए जाने से महंगाई का असर सीधे रसोई तक पहुंच गया है.
सुधा डेयरी ने टोंड मिल्क, काऊ मिल्क और फुल क्रीम दूध की कीमतों में प्रति लीटर 3 रुपये तक की वृद्धि की है. 200 ग्राम पनीर की कीमत में भी 10 रुपये की बढ़ोतरी की गई है.
इसी प्रकार आधा किलो घी की कीमत 315 रुपये से बढ़ाकर 325 रुपये कर दी गई है. वहीं 250 ग्राम पेड़ा, कलाकंद और मिल्क केक की कीमत 108 रुपये से बढ़ाकर 125 रुपये कर दी गई है. चमचम की कीमत 88 रुपये से बढ़कर 95 रुपये हो गई है.
दही के दाम में भी बढ़ोतरी की गई है. 400 ग्राम दही की कीमत 50 रुपये से बढ़ाकर 55 रुपये कर दी गई है, जबकि एक किलो दही अब 115 रुपये के बजाय 120 रुपये में मिलेगा.
क्या बोले प्रभारी प्रबंधक
सुधा डेयरी के प्रभारी प्रबंधक चंदन कुमार ने बताया कि पशुचारा, पैकेजिंग सामग्री, परिवहन और उत्पादन लागत में लगातार वृद्धि के कारण कीमतें बढ़ानी पड़ी हैं.
होटल और मिठाई दुकानदारों पर भी असर
दूध के अलावा सुधा के विभिन्न मिठाई उत्पाद भी महंगे हो गए हैं. मिठाइयों की कीमतों में करीब 70 रुपये प्रति किलोग्राम तक की बढ़ोतरी की गई है.
पनीर और घी के दाम बढ़ने से होटल, रेस्टोरेंट और मिठाई दुकानदारों पर भी अतिरिक्त आर्थिक दबाव पड़ेगा.
उपभोक्ताओं ने जताई चिंता
उपभोक्ताओं का कहना है कि पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों से पहले ही परिवहन खर्च बढ़ चुका है. अब दूध और डेयरी उत्पादों के महंगे होने से घरेलू बजट पूरी तरह प्रभावित हो गया है.
मध्यम वर्ग और निम्न आय वर्ग के परिवारों को अब दैनिक जरूरतों के लिए अधिक खर्च करना पड़ेगा.
आर्थिक जानकारों ने जताई चिंता
आर्थिक जानकार प्रो. अवधेश कुमार ने कहा कि ईंधन और खाद्य उत्पादों की कीमतों में लगातार वृद्धि का असर अन्य वस्तुओं पर भी पड़ सकता है. आने वाले दिनों में महंगाई का दबाव और बढ़ने की आशंका है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sarfaraz Ahmad
सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










