Jhanjharpur News: 12 सितंबर की राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारी तेज, बैंक अधिकारियों के साथ हुई संगोष्ठी

बैठक न्यायिक पदाधिकारी व बैंक कर्मी | Prabhat Khabar Network
झंझारपुर में 12 सितंबर को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर बैंक अधिकारियों के साथ संगोष्ठी आयोजित की गई. बैठक में लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार और विभिन्न प्रकार के मामलों के त्वरित निपटारे पर जोर दिया गया.
Jhanjharpur News: प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, मधुबनी पवन कुमार पाण्डेय के निर्देश पर 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को अनुमंडल विधिक सेवा समिति, झंझारपुर के प्रकोष्ठ में संगोष्ठी आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष सुशील कुमार दीक्षित ने की.
बैंक अधिकारियों को दिए गए आवश्यक निर्देश
बैठक में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश द्वितीय अभिषेक रंजन, तृतीय अनिल कुमार राम, चतुर्थ नयन कुमार, समिति सचिव आनंद राज, मंसिफ सुमित कुमार तथा विभिन्न बैंकों के अधिकारी उपस्थित रहे.
अध्यक्ष सुशील कुमार दीक्षित ने बैंक अधिकारियों को निर्देश दिया कि एक सप्ताह के भीतर संबंधित मामलों के नोटिस तैयार कर समिति कार्यालय को उपलब्ध कराएं, ताकि थाना के माध्यम से समय पर पक्षकारों तक तामिला कराई जा सके. उन्होंने लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए बैनर और जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया.
एक ही दिन में सुलझेंगे कई प्रकार के मामले
जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश अनिल कुमार राम ने बताया कि यह वर्ष 2026 की तीसरी राष्ट्रीय लोक अदालत होगी, जिसका आयोजन राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली तथा बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, पटना के निर्देश पर किया जा रहा है.
उन्होंने झंझारपुर और फुलपरास क्षेत्र के लोगों से अपील की कि वे बैंक, बिजली, माप-तौल, वन विभाग, बाल श्रम, मोटर दुर्घटना दावा तथा अन्य सुलहनीय आपराधिक एवं दीवानी मामलों का निपटारा लोक अदालत के माध्यम से कराएं. उन्होंने कहा कि लोक अदालत का निर्णय अंतिम होता है और इसके विरुद्ध अपील का प्रावधान नहीं होता.
बैठक में भारतीय स्टेट बैंक के मुख्य शाखा प्रबंधक रमेश कुमार एवं पंजाब नेशनल बैंक, झंझारपुर के वरिष्ठ प्रबंधक नीरज कुमार ने लोक अदालत को सफल बनाने में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By संजय कुमार
संजय कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. झंझारपुर (मधुबनी) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










