पटना: मसौढ़ी में 5,659 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त, हरियाणा के दो तस्कर गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन
शराब के साथ गिरफ्तार तस्कर

शराब के साथ गिरफ्तार तस्कर

उत्पाद विभाग ने मसौढ़ी के नदौल चेक पोस्ट पर एक कंटेनर से 5,659 लीटर से अधिक अंग्रेजी शराब और बियर जब्त की है। इस कार्रवाई में हरियाणा के दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई गई है.

विज्ञापन

Patna liquor seizure: अंग्रेजी शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत उत्पाद विभाग की टीम ने गुरुवार रात पटना-गया-डोभी एनएच-22 पर मसौढ़ी थाना क्षेत्र के नदौल चेक पोस्ट के पास बड़ी कार्रवाई करते हुए 5,659.80 लीटर अंग्रेजी शराब और बियर से लदे एक कंटेनर को जब्त कर लिया. इस दौरान हरियाणा के दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया. जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई गई है.

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई

उत्पाद अधीक्षक निशांत कुमार के नेतृत्व में की गई कार्रवाई से पहले विभाग को सूचना मिली थी कि इस मार्ग से अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप गुजरने वाली है. सूचना के बाद उत्पाद विभाग की टीम ने नदौल चेक पोस्ट पर वाहन जांच अभियान तेज कर दिया. जांच के दौरान पटना की ओर जा रहे एक कंटेनर को रोककर उसकी तलाशी ली गई. तलाशी में कंटेनर के अंदर बड़ी मात्रा में शराब और बियर के कार्टन मिले.

कंटेनर से बरामद हुई शराब की बड़ी खेप

उत्पाद विभाग के अनुसार कंटेनर से कुल 590 कार्टन बरामद किए गए. इनमें 441 कार्टन अंग्रेजी शराब, जिसमें 3,871.80 लीटर शराब थी, जबकि 149 कार्टन बियर में 1,788 लीटर बियर बरामद हुई. इस प्रकार कुल 5,659.80 लीटर शराब और बियर जब्त की गई.

कानपुर से हाजीपुर जा रही थी खेप

गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि शराब की खेप कानपुर से हाजीपुर ले जाई जा रही थी. हालांकि शराब किसे पहुंचानी थी और कानपुर में यह खेप किसने उपलब्ध कराई थी, इस संबंध में आरोपी स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके.

हरियाणा के दो तस्कर गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा के हिसार जिले के रावलवास खुर्द थाना क्षेत्र के सिसवाला गांव निवासी 35 वर्षीय सुनील कुमार तथा मांगली थाना क्षेत्र के मांगली गांव निवासी 42 वर्षीय सतीश कुमार के रूप में हुई है.

उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज

उत्पाद विभाग ने कंटेनर और शराब की खेप को जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है. साथ ही शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है.


विज्ञापन
Ajay Kumar Masaurhi

लेखक के बारे में

By Ajay Kumar Masaurhi

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन