दूसरे दिन भी जारी रही सफाई कर्मियों की हड़ताल, शहर में 200 टन कचरा जमा

Updated:
विज्ञापन
निगम कार्यालय के सामने नारेबाजी करते संघ के सदस्य शहर में फैला कचरा | Prabhat Khabar Network

निगम कार्यालय के सामने नारेबाजी करते संघ के सदस्य शहर में फैला कचरा

मधुबनी नगर निगम में आउटसोर्सिंग सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है. दो दिनों में 600 कर्मचारियों की अनुपस्थिति से 200 टन से अधिक कचरा जमा हो गया है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

विज्ञापन

Madhubani News: नगर निगम के आउटसोर्सिंग सफाई कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुक्रवार को दूसरे दिन भी जारी रही. निकाय कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर तीन सूत्री मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे सफाई कर्मियों ने नगर निगम कार्यालय के सामने प्रदर्शन करते हुए सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा.

हड़ताल से सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित

हड़ताल के कारण नगर निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो गई है. मुख्य सड़कों से लेकर मोहल्लों की गलियों तक कचरे का ढेर लग गया है. नगर निगम के अनुसार आउटसोर्सिंग के करीब 600 सफाई कर्मियों के काम पर नहीं आने से दो दिनों में लगभग 200 टन कचरा जमा हो गया है.

घरों में सूखा और गीला कचरा जमा होने से बदबू फैलने लगी है. जगह-जगह मक्खियों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और संक्रामक बीमारियों की आशंका भी बढ़ गई है.

मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी

प्रदर्शन के दौरान आउटसोर्सिंग मजदूर सफाई संघ के अध्यक्ष पप्पू राम, महासचिव बबलू राम, उपाध्यक्ष दुर्गा राम, कोषाध्यक्ष रवि राम, कार्यालय मंत्री दुर्गा राम, मीडिया प्रभारी रोशन राम सहित बड़ी संख्या में सफाई कर्मी मौजूद रहे.

आंदोलनरत कर्मियों का कहना है कि वे कई बार अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रख चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है. उनका कहना है कि जब तक उनकी सभी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी.

जल्द समाधान की उठी मांग

स्थानीय लोगों ने भी सफाई व्यवस्था जल्द बहाल कराने की मांग की है. वहीं, आंदोलनकारी कर्मियों ने सरकार से वार्ता कर उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान निकालने की अपील की है.


विज्ञापन
Ashok Kumar Thak

लेखक के बारे में

By Ashok Kumar Thak

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन