Madhubani News: कोसी नहर में पलटा सीमेंट लदा ट्रक, चालक-खलासी ने कूदकर बचाई जान
Published by : SUMIT KUMAR Updated At : 13 Jun 2026 7:20 PM
पलटा सीमेंट लदा ट्रक
Madhubani News: मधुबनी के झंझारपुर में बाइक सवार को बचाने के चक्कर में सीमेंट लदा एक ट्रक पश्चिमी कोसी नहर में पलट गया. हादसे में चालक और खलासी ने कूदकर अपनी जान बचाई. पुलिस क्रेन की मदद से ट्रक निकालने में जुटी है.पढ़ें पूरी खबर...
मधुबनी के झंझारपुर से संजय कर्ण की रिपोर्ट
Madhubani News: मधुबनी झंझारपुर आरएस थाना क्षेत्र के दीप सहुआ टोल के पास एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है. यहां पश्चिमी कोसी शाखा नहर के तटबंध पर सीमेंट से लदा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सीधे नहर में पलट गया. इस दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. हालांकि, राहत की बात यह रही कि हादसे के वक्त चालक और खलासी ने मुस्तैदी दिखाते हुए ट्रक से छलांग लगा दी, जिससे दोनों बाल-बाल बच गए. घटना के बाद दोनों मौके से फरार हो गए हैं. जानकारी के अनुसार, ट्रक एनएच-27 से सीमेंट की बोरियां लादकर मधेपुर की ओर जा रहा था. पश्चिमी कोसी नहर शाखा का यह तटबंध वन-वे होने के साथ-साथ काफी संकरा (पतला) भी है, जिससे अक्सर यहां हादसों का डर बना रहता है.
रफ्तार तेज होने से खोया नियंत्रण, नहर में पानी न होने से टला बड़ा हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सीमेंट लदा ट्रक काफी तेज रफ्तार में मधेपुर की तरफ बढ़ रहा था. इसी दौरान अचानक सामने से एक बाइक सवार आ गया. तेज रफ्तार बाइक सवार को सीधी टक्कर से बचाने के चक्कर में चालक ने ट्रक से अपना नियंत्रण खो दिया. इसके बाद अनियंत्रित ट्रक तटबंध से सीधे फिसलते हुए नहर की गहराई में जाकर पलट गया.गनीमत यह रही कि इस समय नहर में पानी का बहाव नहीं था, अन्यथा ट्रक के पानी में डूबने से चालक और खलासी की जान पर बन आती और एक बड़ा हादसा हो सकता था. ट्रक के पलटते ही उसमें लदी सीमेंट की सैकड़ों बोरियां नहर के भीतर बिखर गईं और नष्ट हो गईं.
क्रेन से ट्रक निकालने की कवायद शुरू, मालिक का पता लगा रही पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही आरएस थाना की पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. थानाध्यक्ष माया कुमारी ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को नहर से बाहर निकालने के लिए क्रेन बुलाई गई है. पुलिस फरार चालक और खलासी की तलाश कर रही है. इसके साथ ही ट्रक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसके मालिक का पता लगाया जा रहा है ताकि आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके. इस हादसे ने एक बार फिर वन-वे तटबंध की सुरक्षा और संकर रास्तों पर तेज रफ्तार के खतरे को उजागर कर दिया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By SUMIT KUMAR
सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










