Madhubani: गैस सिलेंडर लेने उमड़ी भीड़, सिलेंडर वितरण के दौरान मची अफरा-तफरी, चार घायल

Published by : Sarfaraz Ahmad Updated At : 14 Jun 2026 7:45 PM

विज्ञापन

गैस सिलेंडर लेने के लिए लगी उपभोक्ताओं की भीड़.

झंझारपुर के महेशपुरा इंडेन गैस एजेंसी में गैस सिलेंडर वितरण के दौरान भीड़ अनियंत्रित हो गई, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. घटना में दो महिलाओं समेत चार उपभोक्ता घायल हो गए. सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया. पढ़ें पूरी खबर...

विज्ञापन

मधुबनी के झंझारपुर से संजय कर्ण की रिपोर्ट

Madhubani News: झंझारपुर के महेशपुरा स्थित इंडेन ग्राम वितरक गैस एजेंसी में रविवार को गैस सिलेंडर वितरण के दौरान अव्यवस्था के कारण भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई. भीड़ अनियंत्रित होने से दो महिलाओं सहित चार उपभोक्ता घायल हो गए. घटना के बाद कुछ देर के लिए एजेंसी परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह से ही गैस सिलेंडर लेने के लिए बड़ी संख्या में उपभोक्ता एजेंसी परिसर में पहुंचने लगे थे. जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, भीड़ लगातार बढ़ती गई और दोपहर तक स्थिति नियंत्रण से बाहर होने लगी.

सुबह से लगी थी लंबी कतार

रविवार सुबह एजेंसी खुलने के साथ ही उपभोक्ताओं की लंबी कतार लग गई थी. शुरुआत में एक-दो कतारों में वितरण कराया जा रहा था, लेकिन भीड़ बढ़ने पर करीब पांच अलग-अलग कतारें बनानी पड़ीं. इसके बावजूद उपभोक्ताओं की संख्या इतनी अधिक थी कि व्यवस्था संभालना मुश्किल हो गया. कई लोग घंटों से अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे.

सिलेंडर कम पड़ने की सूचना से बढ़ा तनाव

एजेंसी कर्मियों के अनुसार वितरण के लिए 14.2 किलोग्राम वाले 351 घरेलू गैस सिलेंडर और 19 किलोग्राम वाले छह वाणिज्यिक सिलेंडर उपलब्ध थे. दोपहर दो बजे तक लगभग 275 सिलेंडरों का वितरण किया जा चुका था. इसके बाद उपभोक्ताओं के बीच यह चर्चा फैल गई कि शेष सिलेंडर होम डिलीवरी के लिए सुरक्षित रखे गए हैं.

सिलेंडर सीमित होने की जानकारी मिलने पर कतार में खड़े लोगों के बीच बेचैनी बढ़ गई. इसी दौरान आगे निकलने और सिलेंडर प्राप्त करने की होड़ में धक्का-मुक्की शुरू हो गई, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति बन गई.

महिलाओं समेत चार लोग हुए घायल

अफरा-तफरी के दौरान कई लोग गिर पड़े. घटना में दो महिलाओं समेत चार उपभोक्ता घायल हो गए. स्थानीय लोगों और एजेंसी कर्मियों ने घायलों को संभाला और स्थिति को शांत करने का प्रयास किया. हालांकि घटना के बाद उपभोक्ताओं में नाराजगी देखी गई और कई लोगों ने वितरण व्यवस्था पर सवाल उठाए.

पुलिस पहुंची तो संभली स्थिति

सूचना मिलने पर झंझारपुर थाना के एसआई संतोष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने एजेंसी परिसर में भीड़ को नियंत्रित किया और लोगों को कतारबद्ध कर स्थिति सामान्य बनाने का प्रयास किया. करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद वितरण व्यवस्था फिर से सुचारू हो सकी.

उपभोक्ताओं ने पहले भी अव्यवस्था का लगाया आरोप

उपभोक्ता रमेश कुमार, चंदा देवी, सुरेश कुमार और भोला लाल यादव समेत कई लोगों ने आरोप लगाया कि इससे पहले 30 मई को भी गैस वितरण के दौरान ऐसी ही अव्यवस्था देखने को मिली थी. उनका कहना था कि बढ़ती भीड़ के अनुरूप पर्याप्त प्रबंधन नहीं होने से बार-बार ऐसी स्थिति उत्पन्न हो रही है.

एजेंसी संचालक ने बताई वजह

एजेंसी संचालक दिनेश पासवान ने बताया कि पिछले लगभग एक सप्ताह से पर्याप्त संख्या में सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहे थे. रविवार को अपेक्षाकृत अधिक संख्या में सिलेंडर पहुंचने की सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में उपभोक्ता एजेंसी पहुंच गए.

उन्होंने कहा कि अचानक भीड़ बढ़ जाने के कारण स्थिति चुनौतीपूर्ण हो गई थी. प्रशासन और पुलिस की मदद से वितरण को व्यवस्थित करने का प्रयास किया गया.

विज्ञापन
Sarfaraz Ahmad

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन