मधुबनी: नगर पंचायत की 52 लाख रुपये की राशि में हेराफेरी, कर्मी पर एफआईआर दर्ज
Published by : Purushottam Kumar Updated At : 14 Jun 2026 3:10 PM
सांकेतिक तस्वीर
Madhubani News: जयनगर नगर पंचायत के मानदेय कर्मी श्रवण कुमार पासवान पर होल्डिंग टैक्स और अन्य शुल्कों की वसूली से प्राप्त करीब 52 लाख रुपये सरकारी खाते में जमा नहीं करने का आरोप लगा है. जांच रिपोर्ट के आधार पर नगर पंचायत प्रशासन ने उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है. जानिए खबर विस्तार से...
मधुबनी जयनगर से पंकज कुमार की रिपोर्ट
Madhubani News: जयनगर नगर पंचायत में होल्डिंग टैक्स एवं विभिन्न शुल्कों की वसूली से प्राप्त सरकारी राशि के कथित गबन का मामला सामने आया है. नगर पंचायत प्रशासन ने मानदेय कर्मी श्रवण कुमार पासवान के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है. उन पर करीब 52 लाख 2 हजार 963 रुपये के गबन और सरकारी राशि के दुरुपयोग का आरोप लगाया गया है.
जांच में सामने आई अनियमितता
जानकारी के अनुसार, श्रवण कुमार पासवान वर्ष 2019-20 में चार प्रतिशत कमीशन पर गृहकर एवं अन्य शुल्कों की वसूली के लिए प्रतिनियुक्त किए गए थे. बाद में उन्हें नगर पंचायत का मानदेय कर्मी बना दिया गया. आरोप है कि वसूली गई पूरी राशि सरकारी खाते में जमा नहीं कराई गई.
54.62 लाख रुपये जमा नहीं करने का आरोप
नगर पंचायत द्वारा गठित जांच टीम ने अभिलेखों और बैंक खातों की जांच के बाद अपनी रिपोर्ट में बताया कि 54 लाख 62 हजार 963 रुपये सरकारी खाते में जमा नहीं किए गए. कई नोटिस जारी होने के बाद श्रवण पासवान ने अलग-अलग तिथियों में कुल 2 लाख 60 हजार रुपये जमा कराए, लेकिन शेष राशि अब भी बकाया है.
नोटिस के बावजूद नहीं जमा हुई पूरी राशि
जांच रिपोर्ट में सरकारी धन के दुरुपयोग और वित्तीय अनियमितता की बात प्रथम दृष्टया सही पाई गई. इसके बाद नगर पंचायत के सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी अमित कुमार ने श्रवण कुमार पासवान के विरुद्ध गबन, सरकारी राशि के दुरुपयोग और अन्य संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई है.
पुलिस करेगी मामले की जांच
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पूरे मामले की विस्तृत जांच शुरू होने की संभावना है. मामले के सामने आने के बाद नगर पंचायत क्षेत्र में प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










