गोधनपुर में सड़क पर जलजमाव से जनजीवन बेहाल, बच्चों ने छोड़ा स्कूल जाना
प्रदर्शन करते स्थानीय लोग | Prabhat Khabar Network
झंझारपुर के गोदनपुर में सड़क पर जलजमाव की समस्या विकट हो गई है, जिससे लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. नालों की गंदगी और जलभराव के कारण बच्चे स्कूल जाने से डर रहे हैं, जिससे उनकी पढ़ाई पर गहरा असर पड़ रहा है. स्थानीय लोगों की शिकायतें अनसुनी की जा रही हैं.
Jhanjharpur News: झंझारपुर प्रखंड की सुखेत पंचायत के गोधनपुर वार्ड-15 में सड़क पर जलजमाव की समस्या गंभीर होती जा रही है. नालों में गाद भर जाने के कारण बारिश का पानी मुख्य सड़क पर जमा हो गया है, जिससे लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है.
गंदे पानी से होकर गुजरने को मजबूर लोग
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर जमा गंदे पानी से दुर्गंध फैल रही है और महामारी का खतरा बढ़ गया है. नमाज के लिए जाने वाले लोगों को भी इसी पानी से होकर गुजरना पड़ता है. गांव का मुख्य मार्ग पूरी तरह जलमग्न होने से दैनिक जीवन प्रभावित हो गया है.
बच्चों ने छोड़ा स्कूल जाना
ग्रामीणों के अनुसार सड़क पर जलभराव और सुरक्षा की चिंता के कारण कई अभिभावकों ने बच्चों को स्कूल भेजना बंद कर दिया है. बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं विद्यालय नहीं जा पा रहे हैं, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है.
कई बार दी गई शिकायत, समाधान नहीं
ग्रामीण मो. फारूक, शकील दीवाना, मो. अकबर, रहमत, मो. मंजूर पमरिया, अख्तर पमरिया, हुसैन पमरिया और मुश्ताक पमरिया ने बताया कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों को कई बार आवेदन देकर समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई.
ग्रामीणों का कहना है कि सांसद से लेकर जिला प्रशासन तक इस समस्या की जानकारी है, फिर भी जलनिकासी की दिशा में प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई. उनका कहना है कि कभी शिक्षा और स्वच्छता के लिए पहचान रखने वाला गांव आज जलजमाव की समस्या से जूझ रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By संजय कुमार
संजय कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. झंझारपुर (मधुबनी) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










