डॉ सदन मिश्र का निधन, MLS कॉलेज के पूर्व हिंदी विभागाध्यक्ष ने 1971 युद्ध में भी निभायी थी भूमिका
डॉ. सदन मिश्रा के फाइल फोटो | Prabhat Khabar Network
महाराज लक्ष्मीश्वर सिंह महाविद्यालय, सरिसब-पाही के पूर्व हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. सदन मिश्र का निधन हो गया है. वे बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे और 1971 के भारत-पाक युद्ध में भी उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी. उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है.
मधुबनी: पाहीटोल (सरिसब पाही) निवासी महाराज लक्ष्मीश्वर सिंह महाविद्यालय, सरिसब-पाही के पूर्व हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ सदन मिश्र का बीते शनिवार की रात निधन हो गया. उनके निधन की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गयी. पाहीटोल स्थित उनके आवास पर श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लग गया.
डॉ सदन मिश्र बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे. उनका विराट व्यक्तित्व, सौम्य व्यवहार, मृदुल वाणी, गंभीर विद्वत्ता, प्रखर लेखनी और शिक्षण के क्षेत्र में योगदान उन्हें विशिष्ट बनाता था. वे सफल शिक्षक और कुशल मार्गदर्शक के रूप में भी जाने जाते थे.
हिंदी विभागाध्यक्ष के साथ NCC कमांडर भी रहे
डॉ सदन मिश्र एमएलएस कॉलेज सरिसब-पाही में हिंदी विभागाध्यक्ष रहने के साथ एनसीसी के कमांडर भी रहे. सेकंड लेफ्टिनेंट से मेजर तक का उनका सफर उल्लेखनीय रहा.
जब वे लेफ्टिनेंट के पद पर थे, उसी दौरान वर्ष 1971 में भारत-पाक युद्ध हुआ था. उस समय एनसीसी को द्वितीय लाइन ऑफ डिफेंस कहा जाता था और कैडेटों को कड़ा प्रशिक्षण दिया जाता था.
1971 के युद्ध में तेजपुर गये थे
बताया गया कि 1971 के भारत-पाक युद्ध के दौरान एनसीसी ग्रुप मुजफ्फरपुर के चुनिंदा कैडेटों को लेकर लेफ्टिनेंट सदन मिश्र युद्ध में सहयोग के लिए तेजपुर गये थे. इस दौरान उन्होंने युद्ध से जुड़े कार्यों में योगदान दिया था.
हजारों छात्र देश-विदेश में
शिक्षा के क्षेत्र में डॉ सदन मिश्र का लंबा योगदान रहा. उनके हजारों छात्र उनसे शिक्षा ग्रहण कर देश-विदेश में विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत हैं. वे प्रभावशाली वक्ता के रूप में भी चर्चित थे. सामाजिक जीवन में भी उनका प्रभाव रहा और वे परोपकारी व्यक्तित्व के रूप में जाने जाते थे.
उनके दोनों पुत्र डॉ अजय मिश्र एवं डॉ विजय मिश्र भी प्राध्यापक के पद से सेवानिवृत्त हैं.
कई बुद्धिजीवियों ने जताया शोक
डॉ सदन मिश्र के निधन पर विधायक माधव आनंद, मंत्री नीतीश मिश्र, डॉ मित्रनाथ झा लाल, डॉ अरविन्द कुमार सिंह झा, अतुल प्रणय, डॉ रमण झा, निर्भय मिश्र, यशनाथ झा, अमल झा, लंबोदर झा, डॉ संजीव कुमार झा, शिक्षक गिरिधर झा, उदय कुमार झा, विक्की मंडल, रामबहादुर चौधरी, अवधेश कुमार दास, कुंजन कुमार झा और कार्तिक कुमार झा सहित कई बुद्धिजीवियों ने शोक संवेदना व्यक्त की.
सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की.
यह भी पढ़ें
मधुबनी में 2026 में अब तक मलेरिया के 26 मरीज, स्वास्थ्य विभाग ने बढ़ाई निगरानी
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए