मधुबनी: अतिक्रमण और जलजमाव से परेशान वार्ड 21 के लोगों ने, DM और नगर परिषद को सौंपा ज्ञापन
सड़क | Prabhat Khabar Network
झंझारपुर नगर परिषद के वार्ड 21 में अतिक्रमण और भयंकर जलजमाव ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है. स्थानीय लोगों ने जिला पदाधिकारी से ठोस कार्रवाई की मांग की है.
Madhubani News: मधुबनी जिले के नगर परिषद झंझारपुर के वार्ड संख्या 21 स्थित अंदलपुर मोहल्ले में सड़क अतिक्रमण और भयंकर जलजमाव के कारण लोगों का जीवन नारकीय हो गया है. डीएवी स्कूल से पश्चिम सोनरा पोखर की ओर जाने वाली मुख्य सड़क पर लोगों द्वारा लगातार स्थायी अतिक्रमण किए जाने के कारण रास्ता बेहद संकरा हो गया है. इससे आक्रोशित दर्जनों मुहल्लावासियों ने जिला पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी और नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को लिखित मांग पत्र सौंपकर जल्द ठोस कार्रवाई की मांग की है.
संकरी सड़क और प्राइमरी स्कूल के पास आए दिन जाम की स्थिति
ज्ञापन सौंपने वालों में नरेश कुमार, अर्जुन कुमार महतो, राजीव कुमार, शम्भू कुमार राम, अनिता देवी, अरुण कुमार, जगदीश और भोगी पासवान समेत दर्जनों स्थानीय लोग शामिल हैं. ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के दोनों तरफ लोगों ने बाउंड्री, शेड और पक्का निर्माण करवाकर सड़क को आधा कर दिया है. स्थिति यह है कि एक ही समय में दो चारपहिया वाहनों के आमने-सामने आने पर भारी जाम लग जाता है. इसके अलावा, प्राइमरी स्कूल अल्दाबे के पास आए दिन इसको लेकर लोगों के बीच मारपीट की नौबत तक आ जाती है.

गंदे पानी के जमाव से स्कूली बच्चों और आम नागरिकों की बढ़ी मुश्किलें
मोहल्ले में नाला नहीं होने के कारण घरों का गंदा पानी सीधे सड़क पर ही जमा रहता है. इस जलजमाव और कीचड़ के बीच से गुजरने को विवश स्कूली बच्चों और आम राहगीरों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीणों ने मांग की है कि वार्ड 21 में सड़क को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराया जाए और सरकारी नापी के मुताबिक अवैध निर्माण को हटाया जाए. साथ ही, सड़क के दोनों किनारों पर ढक्कनदार पक्के नाले का निर्माण हो और सड़क का लेवल ऊंचा कर पीसीसी ढलाई कराई जाए ताकि स्थायी समाधान मिल सके. साथ ही मांग की गई है कि जब तक स्थायी निर्माण नहीं होता, तब तक पंपसेट के माध्यम से जमे हुए गंदे पानी की तत्काल निकासी की जाए.
नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी ने दिया आश्वासन
इस पूरे मामले पर संज्ञान लेते हुए नगर परिषद झंझारपुर के कार्यपालक पदाधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि स्थानीय लोगों की तरफ से आवेदन प्राप्त हो गया है. विभाग द्वारा मामले की जांच कर जल्द ही समुचित और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें... कृषि कार्यालय में हुई बैठक, फलदार पौधों और मखाना खेती की दी गई जानकारी
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए