मधुबनी की मानसी ने टेबल टेनिस में रचा कमाल, अंडर-17 और अंडर-19 में जीते कांस्य पदक
पदक प्राप्त करती मानसी | Prabhat Khabar Network
मधुबनी की मानसी कुमारी ने द्वितीय पटना जिला टेबल टेनिस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग में दो कांस्य पदक जीते हैं. उनकी मेहनत और अनुशासन ने दिलाई यह सफलता.
मधुबनी: पटना जिला टेबल टेनिस संघ के तत्वावधान में बिहार यंग मेन्स इंस्टीट्यूट, पटना में आयोजित द्वितीय पटना जिला टेबल टेनिस टूर्नामेंट में पोल स्टार, मधुबनी की छात्रा मानसी कुमारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो कांस्य पदक हासिल किए. बालिका अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग में कांस्य पदक जीतने पर बिहार के पूर्व राज्य आयुक्त (दिव्यांग) डॉ शिवाजी एवं एसोसिएशन के ट्रेजरर सोमनाथ राय ने संयुक्त रूप से मानसी को सम्मानित किया.
अंडर-17 में पांचवें सेट तक पहुंचा मुकाबला
अंडर-17 वर्ग के क्वार्टर फाइनल में मानसी ने आर्निका आनंद को 3-2 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनायी और कांस्य पदक पक्का किया. सेमीफाइनल में उनका मुकाबला पहले ही दो पदक जीत चुकी वैष्णवी से हुआ.
दोनों खिलाड़ियों के बीच मुकाबला बेहद रोमांचक रहा और निर्णायक पांचवें सेट में ड्यूस तक पहुंचा. मानसी ने मुकाबले में अपनी प्रतिभा और संघर्ष क्षमता का प्रदर्शन किया.
अंडर-19 में अंडर-15 की फाइनलिस्ट को हराया
अंडर-19 वर्ग के क्वार्टर फाइनल में मानसी ने अंडर-15 वर्ग की फाइनलिस्ट राजवी सिन्हा को 3-1 से पराजित कर कांस्य पदक सुनिश्चित किया.
सेमीफाइनल में उनका सामना प्रतियोगिता में तीन खिताब जीतने वाली नव्या लक्ष्मी से हुआ. मानसी ने कड़ी चुनौती पेश की. मुकाबले में उन्होंने 8-11, 9-11, 11-9 के स्कोर से संघर्ष किया.
नियमित अभ्यास और अनुशासन को बताया सफलता की वजह
प्रतियोगिता में मौजूद खिलाड़ियों के कोच, संघ के पदाधिकारियों और अभिभावकों ने मानसी के प्रदर्शन की सराहना की. उनके पिता मुकेश पंजियार ने कहा कि कम समय में बिना योग्य प्रशिक्षक के मानसी ने यह उपलब्धि हासिल की है. वह पोल स्टार परिसर में ही सुबह-शाम नियमित अभ्यास करती हैं तथा मोबाइल और जंक फूड से दूरी रखती हैं.
मानसी ने कहा कि नियमित अभ्यास, संतुलित खान-पान, अनुशासन और सकारात्मक माइंडसेट बड़े मुकाबलों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
उपलब्धि पर लोगों ने दी बधाई
मानसी की उपलब्धि पर मेयर अरुण राय, पोल स्टार के निदेशक कैलाश भारद्वाज, खेल विशेषज्ञ शशि शेखर, प्रहलाद पूर्वे, जिला कुश्ती संघ के सचिव पप्पू कुमार यादव सहित कई लोगों ने बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
यह भी पढ़ें
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए