4654 लीटर शराब से लदा ट्रक पलटा, बोलेरो छोड़कर भागे तस्कर, पुलिस ने दोनों वाहन किए जब्त
पलटा ट्रक | Prabhat Khabar Network
मधुबनी के सकरी में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 4654 लीटर अंग्रेजी शराब से लदा एक ट्रक और बोलेरो जब्त की है. हालांकि, पुलिस को देखते ही ट्रक पलट गया और चालक व तस्कर मौके से फरार हो गए.
मधुबनी: सकरी थाना क्षेत्र के पंचवटी चौक से कनौली जाने वाली लिंक सड़क पर गुप्त सूचना के आधार पर वाहन जांच के दौरान पुलिस ने 4654 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ राजस्थान नंबर का ट्रक और बिहार नंबर की बोलेरो जब्त की है. पुलिस के अनुसार शराब तस्करी की सूचना मिलने के बाद कार्रवाई की गयी.
पुलिस को देखते ही ट्रक पलटा, चालक व बोलेरो सवार फरार
जानकारी के अनुसार सकरी थाना पुलिस बल वाहन के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहा था. इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि उक्त सड़क से शराब तस्करों द्वारा ट्रक से बोलेरो में शराब ले जायी जा रही है.
मामले की सूचना वरीय पदाधिकारी को देने के बाद पुलिस ने सूचना का सत्यापन करने के लिए उक्त स्थल पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की. पुलिस वाहन को देखते ही ट्रक चालक ने वाहन लेकर भागने की कोशिश की. इसी दौरान ट्रक पलट गया.
ट्रक के पलटते ही चालक और बोलेरो सवार पुलिस को देखकर वाहन छोड़कर भागने लगे. सशस्त्र पुलिस बल के सहयोग से दोनों को पकड़ने का प्रयास किया गया, लेकिन रात का अंधेरा होने के कारण दोनों कहीं छिप गये.
वाहन मालिक और शराब तस्करों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई
सकरी थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि मामले में वाहन स्वामी, चालक और संलिप्त शराब तस्करों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. पुलिस की ओर से मामले में संलिप्त तस्करों, वाहन स्वामी एवं चालक की गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ें
समस्तीपुर के किसानों के लिए जरूरी कृषि सलाह, मक्का से पपीते तक जानें खेती का तरीका
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए