झंझारपुर दबंग ने रेनबो क्रिकेट अकादमी को 54 रन से हराया, सुधीर कुमार बने मैन ऑफ द मैच
मैन ऑफ द मैच पुरस्कार देते अतिथि | Prabhat Khabar Network
मधुबनी के मानसून कप 2026 अंडर-14 क्रिकेट टूर्नामेंट में झंझारपुर दबंग ने शानदार जीत दर्ज की. उन्होंने रेनबो क्रिकेट अकादमी को 54 रन से मात दी, जिसमें सुधीर कुमार ने 4 विकेट लिए.
Madhubani Cricket Cup: मॉनसून कप 2026 अंडर-14 क्रिकेट टूर्नामेंट में मंगलवार को झंझारपुर दबंग और रेनबो क्रिकेट अकादमी बेनीपुर के बीच कम स्कोर वाला मुकाबला खेला गया. इसमें झंझारपुर दबंग ने शानदार गेंदबाजी के दम पर रेनबो क्रिकेट अकादमी को 54 रन से हराकर जीत दर्ज की. झंझारपुर की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 90 रन पर ऑलआउट हो गयी. जवाब में रेनबो की पूरी टीम महज 36 रन पर सिमट गयी.
90 रन पर सिमटी झंझारपुर की टीम
टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी झंझारपुर दबंग की शुरुआत अच्छी नहीं रही. टीम के बल्लेबाज रेनबो के गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर टिक नहीं सके. आयुष ने सर्वाधिक 23 रन की पारी खेली. उनके अलावा झंझारपुर का कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर सका. टीम के चार खिलाड़ी रन आउट होकर पवेलियन लौटे. रेनबो की ओर से अजीत और किशन ने दो-दो विकेट हासिल किये.
36 रन पर ढेर हुई रेनबो अकादमी
90 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रेनबो क्रिकेट अकादमी बेनीपुर की शुरुआत भी बेहद खराब रही. झंझारपुर के गेंदबाजों ने लगातार विकेट चटकाते हुए विपक्षी बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा. पूरी टीम महज 36 रन पर ऑलआउट हो गयी. रेनबो की ओर से पवन ने 8 और किशन ने 7 रन बनाये. टीम का कोई भी बल्लेबाज दहाई के आंकड़े तक नहीं पहुंच सका.
सुधीर ने झटके चार विकेट
झंझारपुर दबंग की जीत में गेंदबाजों की भूमिका सबसे अहम रही. सुधीर कुमार ने घातक गेंदबाजी करते हुए चार विकेट अपने नाम किये. देवराज ने तीन और जावेद ने दो विकेट झटककर रेनबो की पारी को 36 रन पर समेटने में अहम योगदान दिया. शानदार गेंदबाजी के लिए सुधीर कुमार को मैन ऑफ द मैच चुना गया. उन्हें पुरस्कार अंपायर मो. मुमताज ने प्रदान किया.
बुधवार को होगा अगला मुकाबला
टूर्नामेंट के आयोजक वाईएन झा ने बताया कि प्रतियोगिता का अगला मुकाबला बुधवार को सिंह हॉस्पिटल और क्रिकेट एरा मधुबनी के बीच खेला जाएगा. खिलाड़ियों के बीच बेहतर प्रदर्शन को लेकर मुकाबला रोमांचक होने की उम्मीद है.
यह भी पढे़ं: झंझारपुर अधिवक्ता संघ चुनाव में दो समानांतर प्रक्रिया, एक गुट ने 17 को निर्विरोध चुना
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By संजय कुमार
संजय कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. झंझारपुर (मधुबनी) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










