दो भाइयों में छोटा था मनीष, पुत्र की हत्या के बाद से बदहवास है मां
Published by : GUNJAN THAKUR Updated At : 16 Oct 2025 9:04 PM
दो भाइयों में छोटा था मनीष, पुत्र की हत्या के बाद से बदहवास है मां
शंकरपुर. शंकरपुर थाना क्षेत्र के रायभीर गांव में बुधवार की रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गयी. मृतक की पहचान प्रमोद यादव के 27 वर्षीय पुत्र मनीष कुमार उर्फ लड्डू के रूप में हुई है. वर्चस्व की लड़ाई में पहले से घात लगाये बदमाशों ने घर से करीब पांच सौ मीटर दूरी पर मनीष को घेर लिया और नजदीक से सिर व चेहरे में गोली मार दी. एक गोली उसकी आंख के नीचे लगी और पीछे से निकल गयी. गोली लगते ही मनीष जमीन पर गिर गया. परिजनों व आसपास के लोगों ने उसे आनन-फानन में मधेपुरा मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. दो भाइयों में छोटा था मनीष घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद देर रात शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया. मनीष दो भाइयों में छोटा था. उसकी हत्या से परिवार में मातम का माहौल है. मां विभा देवी घटना के बाद से ही बदहवास है. एक शख्स को हिरासत में लेकर पुलिस कर रही पूछताछ घटना की सूचना मिलते ही शंकरपुर, सिंहेश्वर व सदर थाने की पुलिस हरकत में आयी. देर रात मधेपुरा के एएसपी प्रवेंद्र भारती खुद मौके पर पहुंचे एवं घटनास्थल का निरीक्षण किया. एएसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. पुलिस एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. उन्होंने कहा कि हत्या में शामिल सभी अपराधियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा. तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गयी है ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो. पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर रही है. फिलहाल परिजन बदहवास हैं. घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










