कार की सीट के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे शराब, घैलाढ़ में 60 लीटर विदेशी शराब जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार
मधेपुरा- जब्त कार | Prabhat Khabar Network
मधेपुरा में शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई है. घैलाढ़ पुलिस ने एक कार से 60 लीटर विदेशी शराब बरामद की, जिसे सीटों के नीचे छिपाया गया था. इस मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है.
Madhepura News: मधेपुरा में शराब तस्करी के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान में घैलाढ़ पुलिस को रविवार की रात बड़ी सफलता मिली. घैलाढ़ से गम्हरिया जाने वाली मुख्य सड़क पर रात्रि गश्ती और वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक कार से 60 लीटर विदेशी शराब बरामद की. शराब को कार की सीटों के नीचे और बॉडी के अंदर बनाई गयी विशेष जगहों में छिपाकर ले जाया जा रहा था.
पुलिस ने मौके से एक कथित तस्कर को गिरफ्तार किया, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा. बरामद विदेशी शराब की अनुमानित कीमत करीब 90 हजार रुपये बतायी गयी है. पुलिस ने शराब के साथ कार को भी जब्त कर लिया है.
सीट के नीचे और बॉडी में बनाया था छिपाने का इंतजाम
रविवार की रात पुलिस टीम घैलाढ़-गम्हरिया मुख्य सड़क पर रात्रि गश्ती और वाहनों की जांच कर रही थी. इसी दौरान संदिग्ध कार को रोककर उसकी तलाशी ली गयी.
सामान्य तलाशी में जब पुलिस को कुछ खास नहीं मिला तो वाहन की गहन जांच की गयी. इस दौरान कार की सीटों के नीचे और बॉडी के अंदर शराब छिपाने के लिए बनायी गयी विशेष जगहों का पता चला.
पुलिस ने इन स्थानों से अलग-अलग ब्रांड की कुल 60 लीटर विदेशी शराब बरामद की.
दूसरे जिलों में खपाने की थी तैयारी
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि शराब की यह खेप दूसरे राज्य से लायी जा रही थी. इसे सुपौल और सहरसा जिले में खपाने की योजना थी.
पुलिस के अनुसार शराब तस्करों ने वाहन में शराब छिपाने के लिए विशेष जगह बनायी थी, ताकि जांच के दौरान आसानी से इसका पता नहीं चल सके. हालांकि, वाहन की सघन तलाशी में पुलिस ने शराब बरामद कर ली.
एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा अंधेरे में भाग निकला
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान नीतीश कुमार, पिता मुनेश्वर चौधरी, निवासी लोकहा वार्ड नंबर 5, थाना लोकहा, जिला सुपौल के रूप में हुई है.
वहीं दूसरा आरोपी पुलिस को चकमा देकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गया. पुलिस के अनुसार फरार आरोपी की पहचान सुमितेश कुमार सुमन उर्फ गोलू, पिता दिनेश यादव, पशुपालन कॉलोनी, सहरसा वार्ड नंबर 2, जिला सहरसा के रूप में हुई है.
पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है.
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चल रही थी चेकिंग
घैलाढ़ थानाध्यक्ष पंकज कुमार तिवारी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शराब तस्करी के खिलाफ विशेष रात्रि गश्ती और वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था.
इसी अभियान के दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली और उसमें छिपाकर रखी गयी विदेशी शराब बरामद की. पुलिस ने शराब और वाहन को जब्त कर लिया है.
Madhepura News: मद्यनिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई
मामले में पुलिस ने मद्यनिषेध अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि शराब की खेप कहां से लायी गयी थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं. साथ ही फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए भी कार्रवाई की जा रही है.
घैलाढ़ पुलिस की इस कार्रवाई से शराब तस्करी में शामिल लोगों के बीच हड़कंप की स्थिति है. पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शराब की तस्करी रोकने के लिए वाहन जांच और रात्रि गश्ती अभियान आगे भी जारी रहेगा.
Also Read: अक्टूबर से फिर बिहार के लोगों के बीच जाएंगे नीतीश कुमार? संजय झा से मुलाकात के बाद बढ़ी सियासी हलचल
Also Read: पटना नगर निगम ने अपने ही मेयर को थमाया नोटिस, 26 हजार आवासीय संपत्तियों पर सीलिंग का खतरा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By कुमार आशीष
कुमार आशीष 15 वर्षों से प्रभात खबर समूह के साथ पत्रकारिता जगत में सक्रिय हैं. दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक और भारतीय विद्या भवन, नई दिल्ली से जनसंचार में डिग्री प्राप्त करने के बाद इन्होंने राजनीति, अपराध और कोसी अंचल की रिपोर्टिंग में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है. डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पिछले पांच वर्षों से सक्रिय हैं. पत्रकारिता में उत्कृष्ट योगदान के लिए इन्हें नेपाल में 'अंतरराष्ट्रीय मैथिली युवा पत्रकारिता सम्मान' से नवाजा जा चुका है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









