लाइनर व संरक्षणकर्ता धराये
Updated at : 17 Dec 2019 8:37 AM (IST)
विज्ञापन

मधेपुरा : मुख्य बाजार स्थित ज्वेलरी दुकान में डकैती व गोली मारने की घटना में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है. इनके पास से कुछ आभूषण समेत डकैती में प्रयुक्त बैग दर्जनों एटीएम कार्ड व मोबाइल भी बरामद किया गया है. इस बाबत सोमवार को सदर थाना परिसर में […]
विज्ञापन
मधेपुरा : मुख्य बाजार स्थित ज्वेलरी दुकान में डकैती व गोली मारने की घटना में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है. इनके पास से कुछ आभूषण समेत डकैती में प्रयुक्त बैग दर्जनों एटीएम कार्ड व मोबाइल भी बरामद किया गया है. इस बाबत सोमवार को सदर थाना परिसर में एसपी संजय कुमार ने प्रेसवार्ता की. उन्होंने कहा डकैती करने वाले गिरोह का भी उद्भेदन हो चुका है. सभी सदस्यों की पहचान कर ली गयी है. गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है.
एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित टीम ने किया उद्भेदन, दो को किया गिरफ्तार:
एसपी ने बताया कि घटना के तुरंत बाद उन्होंने स्वयं घटनास्थल पर जाकर मामले का पर्यवेक्षण किया. तुरंत ही एसडीपीओ वसी अहमद के नेतृत्व में टीम गठित किया. टीम ने दिन रात छापेमारी कर मामले का उद्भेदन किया है. ज्वेलरी दुकान के समीप रहने वाले अमरदीप व पारस ने लाइनर की भूमिका निभायी है. पारस साह जमीन की दलाली करता है.
इसके अलावा 15 दिन पूर्व जेल से छूटा है. पूर्णिया में घर ढ़लाई के लिए उसे पैसे की आवश्यकता थी. वही अमरदीप ने पूर्णिया में भूजा का दुकान किया था. इसी क्रम में पारस से ₹चार लाख रुपया उधार लिया था. इस राशि को चुकता करना था. दोनों ने योजनाबद्ध तरीके से सहरसा के अपराध कर्मियों से संपर्क कर डकैती को अंजाम दिलाया है.
गलत गैंग की और संदेह होने से हुई थोड़ी देरी: एसपी ने बताया कि प्रारंभ में राजू राय गैंग पर संदेह गया था, लेकिन अग्रतर अनुसंधान के क्रम में सही गैंग चिह्नित हो गया. इस गैंग के अधिकतर लोगों का ठिकाना कायस्थ टोला सहरसा स्थित भवेश कुमार का लॉज है. गैंग का मुख्य कर्ता-धर्ता चंदेश्वरी साह उर्फ केके हैं, जो कई छद्म नाम से जाना जाता है. घटना को अंजाम देने के बाद वह पुनः भवेश कुमार के लॉज पर पहुंचा था.
भवेश कुमार को जब संदिग्ध स्थिति में सुबह 3:30 बजे पुलिस की गश्ती गाड़ी ने पकड़ा तो वह मोबाइल से चंदेश्वरी उर्फ केके को जानकारी दे रहा था. वही लाइनर की भूमिका निभाने वाले अमरदीप के ससुराल बलहा में छापेमारी के क्रम में संदिग्ध जेवरात बरामद हुआ है. एसपी ने बताया कि पुलिस की लगातार दबिश के कारण जेवरात का ठीक तरह से बंटवारा करने का मौका अपराधियों को नहीं मिला है. लॉज से ही लूट में प्रयुक्त बैग भी बरामद हुआ.
वही एक जींस पैंट बरामद हुआ. जो शातिर अपराधी विभूति ने घटना के दिन पहना हुआ था. विभूति के अपराध कर्मों की जानकारी देते हुए एसपी ने कहा मधेपुरा जिले के घैलाढ़ थाना स्थित अर्राहा महुआ निवासी विभूति की तलाश दिल्ली पुलिस को भी है. कुछ दिनों पहले अपने एक साथी के साथ दिल्ली में हत्या कर वह पैसा लूट कर भागा है.
उन्होंने बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी है, जबकि सहरसा जिले के ही नरियार के रहने वाले मोहम्मद शोएब की भी पहचान हो गयी है. सीसीटीवी फुटेज में शोएब की स्पष्ट तस्वीर आयी थी. जिससे उसकी बेटी रिजवाना व पत्नी ने पहचाना व स्वीकार किया. छापेमारी के क्रम में शोएब अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब रहा.
छह अपराधियों ने एक्टिव भूमिका निभायी, तीन-चार अन्य रहे साथ जबकि दो से तीन थे लाइनर: एसपी ने बताया कि पूरे घटनाक्रम में छह अपराधियों ने एक्टिव भूमिका निभायी है.
उनकी गिरफ्तारी के लिए पुरजोर प्रयास जारी है. वही जिला मुख्यालय के एक व्यक्ति का भी नाम आ रहा है. एसपी ने कहा तीन से चार अन्य लोग उनके साथ थे. दो से तीन लोगों ने लाइनर का काम किया है. वर्तमान में एक लाइनर समेत लॉज में रखकर अपराधिक गतिविधियों में सहायता करने वाले की गिरफ्तारी कर ली गयी है.
पुलिस टीम होगी पुरस्कृत: एसपी ने बताया कि सदर एसडीपीओ वसी अहमद के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम जिसमें सदर इंस्पेक्टर सुरेश सिंह, एएसआइ अरुण सिंह, कमांडो विपिन कुमार व टीम स्पेशल सेल के अमर कुमार, सानू कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मियों को भी सम्मानित किया जाएगा.
एक सवाल के जवाब में एसपी ने कहा पुलिस को संभल कर चलना पड़ता है. सही अपराधी तक पहुंचने में थोड़ा वक्त लग सकता है, लेकिन पुलिस द्वारा लगातार बेहतर तरीके से कार्य कर इस मामले को हल कर लिया गया है.
एसपी से वार्ता के बाद टला व्यापार संघ का आंदोलन
मधेपुरा : एसपी से सोमवार को व्यापार व स्वर्णकार संघ की हुई सकारात्मक वार्ता के बाद व्यापार संघ ने तत्काल आंदोलन को टाल दिया है. एसपी से व्यापार संघ व जिला स्वर्णकार संघ के शिष्टमंडल की हुई वार्ता में एसपी ने अबतक की गयी कार्रवाई से अवगत कराया व जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी व समान बरामदगी की बात कही. एसपी ने घटना में शामिल सभी अपराधियों की शिनाख्त का दावा करते हुए कहा कि स्थानीय लाइनर को गिरफ्तार किया जा चुका है.
व्यापार संघ व जिला स्वर्णकार संघ का एक शिष्टमंडल व्यापार संघ संयोजक मनीष सर्राफ व व्यापार संघ अध्यक्ष राजेश सर्राफ की अगुवाई में एसपी से मिला. प्रतिनिधिमंडल में जिला स्वर्णकार संघ के अध्यक्ष इंद्रदेव स्वर्णकार, सचिव धीरेंद्र स्वर्णकार, मदन लाल सोनी व राकेश रंजन शामिल थे.
व्यापार संघ व स्वर्णकार संघ के प्रतिनिधियों से हुई वार्ता में एसपी ने कहा कि बस कुछ दिन के भीतर ही घटना में शामिल अपराधी सलाखों में होंगे. एसपी ने स्थानीय लाइनर को गिरफ्तार किए जाने व वारदात को अंजाम देने वाले सभी अपराधियों के शिनाख्त की भी जानकारी दी.
एसपी से हुई वार्ता के बाद व्यापार संघ की सोमवार को होने वाली बैठक तत्काल स्थगित कर दी गयी है.
एसपी ने व्यापार संघ के प्रतिनिधियों के सामने पुलिस के द्वारा अबतक के अनुसंधान की प्रगति के बारे में बताया गया. अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी चल रही है. सहरसा में एक जगह की गयी छापेमारी में अपराधियों के भाग जाने में सफल रहा. एसपी ने बताया कि हालांकि छापेमारी में लूट के स्वर्णाभूषणों को जिस बैग में भरकर ले जाया गया वो खाली बैग सहरसा के लॉज में बरामद किया जा चुका है.
स्वर्ण व्यवसायी राजकुमार सोनी के यहां नौ दिसंबर को लूट व गोलीकांड के विरोध में व्यापार संघ का अल्टीमेटम समाप्त होने के बाद शुक्रवार को बड़ी दुर्गा मंदिर परिसर में बैठक हुई थी, जिसमें आगे के आंदोलन के लिए सोमवार को संघ की आम बैठक व सभी व्यवसाय संघों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की जानी थी. हालांकि इससे पहले रविवार को व्यापार संघ की हुई अनौपचारिक बैठक में सोमवार को एसपी से मिलकर लूटकांड के अबतक के प्रगति की जानकारी लेने की बात तय हुई.
इसके आलोक में वही इसके अलावा व्यापार संघ के प्रतिनिधियों ने एसपी के समक्ष एक बार फिर जल्द से जल्द प्रमुख चौक चैराहों पर स्थायी पुलिस बल तैनाती की मांग रखी. शहर में कर्पूरी चौक, पूर्णिया गोला चौक व सुभाष चौक के पास स्थायी पुलिस बल तैनाती को कहा गया. जिसपर एसपी ने पैक्स चुनाव बाद इन चिह्नित स्थलों पर पुलिस अधिकारी के साथ पुलिस बल तैनात करने की बात कही.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Tags
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




