जिला विधिज्ञ संघ चुनाव सवालों के घेरे में
Published by : Rajeev Murarai Sinha Sinha Updated At : 14 Mar 2026 6:49 PM
बिहार राज्य बार काउंसिल के निर्देशन एवं पर्यवेक्षण में विगत 12 मार्च को जिला विधिज्ञ संघ, लखीसराय का चुनाव संपन्न कराया गया
लखीसराय बिहार राज्य बार काउंसिल के निर्देशन एवं पर्यवेक्षण में विगत 12 मार्च को जिला विधिज्ञ संघ, लखीसराय का चुनाव संपन्न कराया गया, किंतु अध्यक्ष पद के लिए घोषित चुनाव परिणाम अत्यंत अकल्पनीय, अविश्वसनीय एवं संदेहास्पद प्रतीत होता है. उपरोक्त बातें चुनाव में अध्यक्ष पद के उम्मीदवार रहे रजनीश कुमार ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कही. उन्होंने कहा कि पूरी चुनाव प्रक्रिया के दौरान बिहार राज्य बार काउंसिल का पर्यवेक्षण मात्र औपचारिकता बनकर रह गया. संघ के नामांकन पंजी की सत्यता की जांच किये बिना मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गयी तथा प्रकाशित मतदाता सूची में बिना किसी वैध साक्ष्य के व्यापक फेरबदल किया गया. चुनाव सवालों के घेरे में है. दर्जनों नियमित अधिवक्ताओं जैसे निरंजन कुमार, रंजीत पासवान, विमलेश कुमार विमल, विमल यादव, उमेश मंडल सहित अन्य के नाम मनमाने ढंग से मतदाता सूची से हटा दिये गये, जबकि लगभग एक सौ फर्जी मतदाताओं के नाम सूची में जोड़ दिये गये. आश्चर्यजनक रूप से चुनाव के मात्र बारह घंटे पूर्व भी दर्जनों नये नाम मतदाता सूची में जोड़े गये, जिसकी जानकारी एक प्रत्याशी विशेष को छोड़कर अन्य प्रत्याशियों को नहीं दी गयी. बिहार राज्य बार काउंसिल के स्पष्ट निर्देशों की अवहेलना करते हुए मतदान प्रक्रिया की वीडियोग्राफी तक नहीं करायी गयी. मतगणना के दौरान कई मतपत्रों पर क्रम संख्या का अभाव पाया गया तथा किसी भी मतपत्र पर चुनाव पदाधिकारी का हस्ताक्षर नहीं था, जो चुनाव की वैधता पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है. इसके अतिरिक्त बिना पहचान पत्र के कई अनियमित एवं निष्क्रिय सदस्यों से मतदान कराया गया. विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार संघ के लगभग 90 प्रतिशत नियमित अधिवक्ताओं ने नियमित अधिवक्ता प्रत्याशी के पक्ष में मतदान किया था, किंतु अनियमित और निष्क्रिय मतदाताओं के सहारे एक व्यक्ति विजयी होने में सफल रहा. इस प्रकार का परिणाम न केवल लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर प्रश्नचिह्न लगाता है. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नियमित अधिवक्ता प्रत्याशी एवं उनके समर्थक चुनाव परिणाम के विरुद्ध विधिक अपील दायर करने तथा आवश्यक होने पर पुनः माननीय उच्च न्यायालय, पटना की शरण लेने की तैयारी में जुट गये हैं. चुनाव के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्रीनिवास प्रसाद सिंह ने बताया कि राज्य बार काउंसिल के दिशा निर्देश के आलोक में चुनाव कराया गया. यदि कोई जाना चाहे तो अपील में जा सकते हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










