10 अप्रैल तक चयनित बच्चों का नामांकन करें पूर्ण: डीेएम
Published by : Rajeev Murarai Sinha Sinha Updated At : 02 Apr 2026 6:39 PM
जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में समाहरणालय के मंत्रणा कक्ष में जिले के सभी पंजीकृत निजी विद्यालयों के प्रधानाचार्य, निदेशक एवं संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी
आरटीई के अंतर्गत आवंटित सीटों पर नामांकन की प्रक्रिया को ले डीएम ने की बैठक
लखीसरायजिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में समाहरणालय के मंत्रणा कक्ष में जिले के सभी पंजीकृत निजी विद्यालयों के प्रधानाचार्य, निदेशक एवं संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी. बैठक का मुख्य उद्देश्य शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम के तहत 25 प्रतिशत वंचित एवं कमजोर वर्ग के बच्चों के नामांकन की प्रगति की समीक्षा करना था. बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी विद्यालय प्रबंधनों को स्पष्ट निर्देश दिया कि आरटीई के अंतर्गत उन्हें आवंटित सीटों पर नामांकन की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाय. उन्होंने कहा कि 10 अप्रैल तक सभी विद्यालय अभिभावकों से संपर्क स्थापित कर सुनिश्चित करें कि चयनित बच्चों का नामांकन अनिवार्य रूप से हो जाय. इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि यदि किसी विद्यालय को नामांकन प्रक्रिया में किसी प्रकार की समस्या आती है, तो वे जिला शिक्षा कार्यालय से संपर्क कर आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं. उन्होंने शिक्षा के अधिकार अधिनियम को सामाजिक समरसता और समान अवसर का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए सभी विद्यालयों से इसकी भावना के अनुरूप कार्य करने की अपील की. बैठक में बढ़ती गर्मी को देखते हुए बच्चों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा पर भी विशेष चर्चा की गयी. जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया कि वे लू से बचाव के लिए आवश्यक कदम उठाएं, जैसे कि पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था, कक्षाओं में उचित वेंटिलेशन, तथा अत्यधिक गर्मी के समय में बच्चों को सुरक्षित रखने के उपाय सुनिश्चित करें. इसके अतिरिक्त विद्यालयों के समुचित संचालन, स्वच्छता, अनुशासन एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने पर भी बल दिया गया. जिला प्रशासन द्वारा यह स्पष्ट किया गया कि बच्चों के हितों से संबंधित सभी मानकों का कड़ाई से पालन किया जाना आवश्यक है. बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित संबंधित अधिकारीगण एवं सभी निजी विद्यालयों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे.
——————————————————————————प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










