विकास योजनाओं को आकर्षित ढंग से करें प्रदर्शित: डीएम
Published by : Rajeev Murarai Sinha Sinha Updated At : 14 Mar 2026 6:26 PM
मुख्यमंत्री की प्रस्तावित समृद्धि यात्रा के सफल आयोजन व समुचित तैयारियों के मद्देनजर जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र सक्रिय हैं
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित यात्रा को लेकर डीएम ने कजरा सोलर प्लांट का किया निरीक्षण
दौरान प्रशासनिक स्तर पर की जा रही तैयारियों का लिया विस्तृत जायजा
कजरा/लखीसराय
मुख्यमंत्री की प्रस्तावित समृद्धि यात्रा के सफल आयोजन व समुचित तैयारियों के मद्देनजर जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र सक्रिय हैं. प्रखंड सूर्यगढ़ा अंतर्गत कजरा पावर प्लांट परिसर का निरीक्षण किया गया. इस दौरान सभी संबंधित पदाधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक आयोजित की गयी. प्रशासनिक स्तर पर की जा रही तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया गया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये. निरीक्षण के क्रम में डीएम ने कार्यक्रम स्थल, सभा स्थल, हेलीपैड, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधा तथा आपातकालीन सेवाओं की तैयारियों की बारीकी से समीक्षा की. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित तरीके से सुनिश्चित की जाय ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो.वहीं समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा जिले के विकास कार्यों को प्रदर्शित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है. उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकार द्वारा संचालित प्रमुख विकास योजनाओं एवं उपलब्धियों को आकर्षक और प्रभावी ढंग से प्रदर्शित करने की समुचित व्यवस्था की जाय. इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाये जाने वाले स्टॉल, प्रदर्शनी सामग्री तथा योजनाओं से संबंधित सूचना पट्टों की तैयारी की भी समीक्षा की गयी. जिलाधिकारी ने विशेष रूप से निर्देश दिया कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाय. पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को समन्वय स्थापित कर आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये. इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य विभाग को एंबुलेंस एवं मेडिकल टीम की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिये गये. उन्होंने यह भी कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं. जिला प्रशासन द्वारा की जा रही तैयारियों की लगातार निगरानी की जायेगी और आवश्यकता पड़ने पर समय-समय पर समीक्षा बैठक आयोजित कर प्रगति का आकलन किया जायेगा.
बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शंभूनाथ, डीडीसी सुमित कुमार, एसडीओ प्रभाकर कुमार, एसडीपीओ शिवम कुमार, स्थापना उप समाहर्ता शशि कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, नजारत उपसमाहर्ता पम्मी रानी, कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल कुणाल कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, निदेशक जिला ग्रामीण विकास अभिकरण नीरज कुमार, निदेशक एनईपी नीरज आनंद, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी मृणाल रंजन, कार्यपालक पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










