लखीसराय के हलसी में भाईचारे के साथ मनी बकरीद, प्रशासन की चौकसी में शांतिपूर्ण रही नमाज
Published by : Pratyush Prashant Updated At : 28 May 2026 12:00 PM
Bakrid Brotherhood News: हलसी प्रखंड में बकरीद का त्योहार आपसी सौहार्द, भाईचारे और शांति के माहौल में मनाया गया. मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर मुबारकबाद दी, जबकि प्रशासन पूरे दिन अलर्ट मोड में नजर आया.
हलसी से केशव कुमार की रिपोर्ट.
Bakrid Brotherhood News: लखीसराय जिले के हलसी, प्रेमडीहा, औरैया और आसपास के इलाकों में गुरुवार को ईद-उल-अजहा यानी बकरीद का पर्व पूरी अकीदत और भाईचारे के साथ मनाया गया. सुबह से ही ईदगाहों और मस्जिदों में नमाजियों की भीड़ उमड़ पड़ी. नमाज के बाद लोगों ने देश में अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी. त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस की टीम दिनभर संवेदनशील इलाकों में गश्त करती रही.
संवेदनशील इलाकों में प्रशासन की पैनी नजर
बकरीद को लेकर अनुमंडल और स्थानीय प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा. डीएसपी अजीत प्रताप सिंह के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने हलसी, प्रेमडीहा, औरैया समेत कई संवेदनशील इलाकों का दौरा किया. टीम में अंचलाधिकारी संजीव कुमार राय, थानाध्यक्ष राजेश कुमार रंजन, राजस्व अधिकारी कुसुम कुमारी, एसआई गणेश रजक और एसआई अमृता कुमारी शामिल रहे.
अधिकारियों ने स्थानीय लोगों और शांति समिति के सदस्यों से बातचीत कर आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की. पुलिस बल को चौक-चौराहों और धार्मिक स्थलों पर तैनात किया गया था ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके.
नमाज के बाद गले मिलकर दी मुबारकबाद
सुबह नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर बकरीद की शुभकामनाएं दीं. मुस्लिम समुदाय के लोगों ने परंपरा के अनुसार कुर्बानी दी और जरूरतमंदों के बीच बांटकर इंसानियत और त्याग का संदेश दिया. बच्चों और युवाओं में त्योहार को लेकर खासा उत्साह देखा गया.
घर-घर में सेवइयां और पारंपरिक व्यंजन बने, जबकि रिश्तेदारों और परिचितों के यहां आने-जाने का सिलसिला दिनभर चलता रहा. पूरे क्षेत्र में भाईचारे और सौहार्द का माहौल देखने को मिला.
सोशल मीडिया पर भी रही प्रशासन की नजर
थानाध्यक्ष राजेश कुमार रंजन ने बताया कि त्योहार को लेकर पुलिस बल और चौकीदारों को पहले से अलर्ट कर दिया गया था. सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की विशेष नजर रखी गई ताकि किसी तरह की अफवाह न फैल सके. प्रशासन ने स्थानीय लोगों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र में कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली.
Also Read: विश्व मासिक धर्म स्वच्छता दिवस पर बेगूसराय से टोक्यो तक गूंजा ‘पीरियड जागरूकता अभियान’
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










