2.5 करोड़ का बंगला, 25 भूखंड व महिला मित्र के साथ ''बेनामी'' कनेक्शन

Updated at : 01 Apr 2026 11:16 PM (IST)
विज्ञापन
2.5 करोड़ का बंगला, 25 भूखंड व महिला मित्र के साथ ''बेनामी'' कनेक्शन

2.5 करोड़ का बंगला, 25 भूखंड व महिला मित्र के साथ 'बेनामी' कनेक्शन

विज्ञापन

पत्नी, सास व मित्र भी बनाई गयीं सह-अभियुक्त, किशनगंज से लेकर सिलीगुड़ी व नोएडा तक फैली है काली कमाई की जड़ें

किशनगंज. एसडीपीओ-1 गौतम कुमार के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई की कार्रवाई में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. इस बड़ी कार्रवाई से पुलिस और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा हुआ है. जांच टीम ने भ्रष्टाचार के इस मामले में न केवल एसडीपीओ, बल्कि उनकी पत्नी रूबी कश्यप, सास पूनम देवी व उनकी मित्र शगुफ्ता शमीम को भी सह-अभियुक्त बनाया है.

छह ठिकानों पर छापेमारी, बेनामी संपत्तियों का अंबार

एसडीपीओ गौतम कुमार के कुल छह ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई. पूर्णिया स्थित उनके आवास की तलाशी के दौरान लगभग 25 अलग-अलग भूखंडों (प्लॉट) के दस्तावेज बरामद हुए हैं. ये जमीनें अलग-अलग व्यक्तियों के नाम पर खरीदी गई हैं, जिससे बड़े स्तर पर ””””””””बेनामी”””””””” संपत्ति अर्जित करने की आशंका जताई जा रही है. इसके अलावा, बीमा और अन्य वित्तीय संस्थानों में भारी निवेश के कागजात मिले हैं, जिनकी कुल राशि का आकलन किया जा रहा है.

आलीशान बंगला व लग्जरी गाड़ियां

पूर्णिया में एसडीपीओ का लगभग 3600 वर्गफीट में बना चार मंजिला भव्य मकान मिला है, जिसकी अनुमानित लागत करीब 2.5 करोड़ रुपये आंकी गयी है. तलाशी में क्रेटा और थार जैसे महंगे वाहन, कीमती घड़ियां और पटना में एक नर्सिंग होम खोलने से संबंधित नक्शा भी बरामद हुआ है. टीम अब पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में चाय बागान और नोएडा-गुड़गांव में निवेश के साक्ष्यों की गहनता से जांच कर रही है.

महिला मित्र व ससुराल से करोड़ों की बरामदगी

महिला मित्र (शगुफ्ता शमीम) :

सह-अभियुक्त शगुफ्ता शमीम के घर से 7 भूखंडों के कागजात और करीब 60 लाख रुपये के स्वर्ण आभूषण मिले हैं. चौंकाने वाली बात यह है कि शगुफ्ता के घर से एसडीपीओ द्वारा खरीदे गए गहनों की रसीदें और उनके बैंक खाते में एसडीपीओ द्वारा नकद व ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के पुख्ता सबूत मिले हैं.

ससुराल:

गौतम कुमार की सास के यहां से पत्नी रूबी कश्यप के नाम पर भारी मात्रा में सोने के जेवर और निवेश के दस्तावेज बरामद हुए हैं.

सरकारी आवास व पैतृक घर की स्थिति

किशनगंज स्थित सरकारी आवास की तलाशी में 1 लाख 37 हजार रुपये नकद और निवेश के कई कागजात मिले हैं. वहीं, पटना स्थित पैतृक मकान से चार अन्य भूखंडों के दस्तावेज बरामद किए गए हैं. आर्थिक अपराध इकाई अब इन सभी संपत्तियों के स्रोत और भ्रष्टाचार के नेटवर्क को खंगालने में जुटी है.

विज्ञापन
AWADHESH KUMAR

लेखक के बारे में

By AWADHESH KUMAR

AWADHESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन