पांच साल का प्यार बना अटूट बंधन, शिव मंदिर में प्रेमी युगल ने रचाई शादी

इस अनोखी शादी ने न सिर्फ वहां मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया
परबत्ता. प्रखंड मुख्यालय प्रांगण स्थित शिव मंदिर परिसर प्रेम का साक्षी बन गया. बुधवार की शाम प्रेमी युगल ने सात जन्मों तक जीने मरने का बंधन स्वीकार कर लिया. इस अनोखी शादी ने न सिर्फ वहां मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया. बल्कि पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया. बताया जाता है कि नगर पंचायत परबत्ता क्षेत्र के मोजाहिदपुर निवासी रितेश कुमार गांव की लक्ष्मी कुमारी के बीच बीते पांच वर्षों से प्रेम चल रहा था. समय के साथ दोनों का रिश्ता इतना गहरा हो गया कि वे एक-दूसरे के बिना जीवन की कल्पना भी नहीं कर पा रहे थे. परिवार वालों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया. लेकिन दोनों अपने फैसले पर अडिग रहे. आखिरकार बुधवार को दोनों प्रखंड मुख्यालय पहुंचे. थाना में आवेदन देकर शादी करने की इच्छा जतायी. मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्परता दिखायी. दोनों पक्षों के परिजनों को बुलाया. आपसी बातचीत और समझाइश के बाद अंततः दोनों परिवारों ने इस रिश्ते को स्वीकार कर लिया. इसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में प्रेमी युगल शिव मंदिर पहुंचे. जहां रितेश कुमार ने लक्ष्मी कुमारी की मांग में सिंदूर भरकर शादी की रस्म पूरी की. इस दौरान मंदिर परिसर में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. सभी ने इस जोड़ी को आशीर्वाद दिया. प्रेमी और प्रेमिका के पिता ने बताया कि जब दोनों बालिग और अपनी मर्जी से साथ रहना चाहते हैं, तो उन्हें इसमें कोई आपत्ति नहीं है. यह प्रेम कहानी एक बार फिर यह साबित करती है कि सच्चा प्यार हर बाधा को पार कर अपने मुकाम तक पहुंच ही जाता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




