मानसी में दो भाइयों से 2 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप, विरोध पर फायरिंग, चार नामजद
फोटो- मानसी थाना | Prabhat Khabar Network
खगड़िया के मानसी में दो सगे भाइयों से हथियार के बल पर 2 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई. विरोध करने पर मारपीट की गई, नकदी और गहने लूटे गए और गोली भी चलाई गई. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
Khagaria Crime News: मानसी (खगड़िया). मानसी थाना क्षेत्र के रिटायर्ड रेलवे बांध, खुटिया के समीप दो सगे भाइयों से हथियार के बल पर रंगदारी मांगने, मारपीट करने, लूटपाट और फायरिंग करने का मामला सामने आया है. पीड़ित चंदन कुमार के लिखित आवेदन पर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
बाइक रोककर मांगी दो लाख रुपये की रंगदारी
पीड़ित चंदन कुमार और उनके भाई गुंजन कुमार ने बताया कि वे बाइक से धमारा से अपने गांव खुटिया लौट रहे थे. इसी दौरान रिटायर्ड रेलवे बांध के समीप पहले से घात लगाए चार हथियारबंद लोगों ने उनकी बाइक रोक ली. आरोप है कि अपराधियों ने मारपीट करते हुए पांच दिनों के भीतर दो लाख रुपये रंगदारी के रूप में पहुंचाने की धमकी दी.
नकदी और सोने की चकती छीनने का आरोप
पीड़ितों का आरोप है कि बदमाशों ने हथियार के बल पर उनके पास से 25 हजार रुपये नकद और गले से सोने की चकती भी छीन ली. विरोध करने पर आरोपियों ने गोली चला दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
राहगीरों के पहुंचते ही भागे आरोपी
गोली चलने की आवाज सुनकर राजाजन निवासी अर्जुन यादव, धारो यादव तथा सैदपुर निवासी शिवम कुमार सहित अन्य लोग मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों को आता देख सभी आरोपी मौके से फरार हो गए.
चार लोगों पर दर्ज हुई प्राथमिकी
पीड़ित के आवेदन के आधार पर पुलिस ने सहरसा जिले के सलखुआ निवासी अनिका यादव के पुत्र सुबोध कुमार यादव, उसके भाई सोहित कुमार तथा मानसी थाना क्षेत्र के खुटिया निवासी इन्द्रदेव यादव के पुत्र पांडव कुमार और उसके भाई कैलू कुमार को नामजद आरोपी बनाया है.
पुलिस ने शुरू की जांच
Khagaria Crime News: मानसी थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़ित चंदन कुमार के लिखित आवेदन पर चार नामजद आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. मामले की जांच की जा रही है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.
इसे भी पढ़ें: पटना से गया तक चली तबादला एक्सप्रेस, बिहार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में 20 अफसरों का ट्रांसफर
राजद नई टीम क्यों बना रही है? जानिए संगठन भंग करने के पीछे की वजह
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By रणवीर कुमार
रणवीर कुमार प्रिंट माध्यम में 13 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. गोगरी (खगड़िया) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










