सम्राट चौधरी का ऐलान- 51600 करोड़ निवेश होगा, बिहार बनेगा देश का नया स्टील हब, हजारों लोगों को मिलेगा रोजगार
बिहार सीएम सम्राट चौधरी
Bihar Development News: बिहार में उद्योगों को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की मौजूदगी में करीब 51600 करोड़ रुपये के निवेश के लिए कई बड़ी कंपनियों के साथ समझौते हुए हैं. स्टील, न्यूक्लियर एनर्जी, टेक्सटाइल और फार्मा सेक्टर में निवेश से रोजगार और विकास को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है.
Bihar Development News: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की मौजूदगी में उद्योग विभाग ने देश की कई बड़ी कंपनियों के साथ करीब 51600 करोड़ रुपये के निवेश के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर किए. सरकार का लक्ष्य बिहार को स्टील, टेक्सटाइल, ऊर्जा और फार्मा सेक्टर में नई पहचान दिलाना है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार को देश का बड़ा स्टील हब बनाया जाएगा. श्याम स्टील, शाकंभरी इस्पात, नक्षित आयरन एंड स्टील, श्रीलंगटा बाबा मेटल्स एंड पावर, अंकुर स्टील और श्रीसमृद्धि स्टील जैसी कंपनियां राज्य में बड़े स्तर पर निवेश करेंगी. इससे उद्योग बढ़ेंगे और लोगों को रोजगार के नए मौके मिलेंगे.
न्यूक्लियर एनर्जी और टेक्सटाइल पर खास जोर
ग्लोबल रिनिवेबल एडवांस्ड क्लीन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड (ग्रेस) न्यूक्लियर एनर्जी सेक्टर में 22500 करोड़ रुपये का निवेश करेगी. क्रिएटिव ग्रुप और अनुभव एपरेल्स प्राइवेट लिमिटेड बिहार में टेक्सटाइल उद्योग लगाने के लिए निवेश करेंगे. मुख्यमंत्री ने कहा कि टेक्सटाइल ऐसा सेक्टर है, जहां बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार मिल सकता है, इसलिए इसे विशेष प्राथमिकता दी जा रही है.
फार्मा और स्वास्थ्य क्षेत्र में भी बढ़ेगा निवेश
सरकार स्वास्थ्य और फार्मा सेक्टर में भी नए निवेश को बढ़ावा देगी. नई फैक्ट्रियां और उद्योग लगने से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष दोनों तरह के रोजगार बढ़ेंगे. साथ ही बिहार की औद्योगिक अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी.
एमओयू कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने बिहार बिजनेस कनेक्ट-2026 की तैयारियों की समीक्षा की. उन्होंने कहा कि इस आयोजन के जरिए देश और विदेश के निवेशकों को बिहार में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी जाएगी और ज्यादा से ज्यादा निवेश आकर्षित किया जाएगा.
उद्योगपतियों से जन्मभूमि के विकास की अपील
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार से बाहर कारोबार कर रहे उद्योगपतियों और उद्यमियों से अपनी जन्मभूमि के विकास में भी योगदान देने की अपील की. उन्होंने कहा कि सरकार की निवेश के अनुकूल नीतियों और बेहतर आधारभूत सुविधाओं के दम पर बिहार को देश के प्रमुख औद्योगिक राज्यों में शामिल किया जाएगा.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
किस कंपनी ने कितना निवेश करने का फैसला किया
श्याम स्टील मैन्युफैक्चरिंग लिमिटेड स्टील सेक्टर में 5000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी. शाकंभरी इस्पात एंड पावर लिमिटेड भी स्टील सेक्टर में 5000 करोड़ रुपये लगाएगी. नक्षित आयरन एंड स्टील प्राइवेट लिमिटेड 6836 करोड़ रुपये का निवेश करेगी.
श्रीलंगटा बाबा मेटल्स एंड पावर लिमिटेड 5500 करोड़ रुपये निवेश करेगी. अंकुर स्टील प्राइवेट लिमिटेड 6000 करोड़ रुपये लगाएगी. श्रीसमृद्धि स्टील प्राइवेट लिमिटेड 290 करोड़ रुपये का निवेश करेगी. ग्लोबल रिनिवेबल एडवांस्ड क्लीन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड (ग्रेस) न्यूक्लियर एनर्जी सेक्टर में 22500 करोड़ रुपये लगाएगी.
क्रिएटिव ग्रुप टेक्सटाइल सेक्टर में 250 करोड़ रुपये निवेश करेगा. भारत साइंस एंड इनोवेशन प्राइवेट लिमिटेड 200 करोड़ रुपये का निवेश करेगी. अनुभव एपरेल्स प्राइवेट लिमिटेड टेक्सटाइल सेक्टर में 50 करोड़ रुपये लगाएगी.
इसे भी पढ़ें: पटना से गया तक चली तबादला एक्सप्रेस, बिहार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में 20 अफसरों का ट्रांसफर
इसे भी पढ़ें: बिहार में इस उद्योग के लिए सरकार देगी 70 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी, एक क्लिक में होगा आवेदन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By परितोष शाही
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










