अतिरिक्त दहेज में दो लाख रुपये और बाइक नहीं मिली तो विवाहिता को प्रताड़ित कर घर से निकाला, चार पर केस दर्ज
बेलदौर थाने की तस्वीर.
Dowry Harassment : शादी के कुछ महीने बाद ही विवाहिता नेहा कुमारी को अतिरिक्त दहेज के लिए प्रताड़ित किया गया। मारपीट कर घर से निकाले जाने के बाद महिला थाने में पति समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.
Dowry Harassment : गोगरी अनुमंडल के बेलदौर थाना क्षेत्र के पचौत गांव की रहने वाली विवाहिता नेहा कुमारी ने महिला थाना खगड़िया में पति, भैसुर, देवर और जेठानी के खिलाफ दहेज प्रताड़ना की प्राथमिकी दर्ज कराई है. पीड़िता ने पुलिस से न्याय दिलाने और आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. नेहा कुमारी बेलदौर थाना क्षेत्र के पचौत निवासी मंटू साह की पुत्री हैं, जबकि उनका विवाह समस्तीपुर जिले के रोसड़ा थाना क्षेत्र के सीढ़ी घाट वार्ड 21 निवासी स्वर्गीय गंगा साह के पुत्र मनीष साह से 19 मई 2025 को हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था.
शादी के कुछ महीने बाद शुरू हुई अतिरिक्त दहेज की मांग
महिला थाना में दिए आवेदन में पीड़िता ने बताया कि शादी के समय उनके पिता ने अपनी क्षमता के अनुसार दो लाख रुपये नकद, सोने की चेन, सोने की अंगूठी, बर्तन सेट तथा अन्य घरेलू सामान उपहार स्वरूप दिए थे. विवाह के बाद कुछ समय तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन करीब तीन महीने बाद पति मनीष साह, भैसुर कन्हैया साह, जेठानी संगीता देवी और देवर महावीर साह ने अतिरिक्त दहेज के रूप में दो लाख रुपये और एक बाइक की मांग शुरू कर दी.
मारपीट, भूखा रखने और घर से निकालने का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना की गई. कई दिनों तक उसे घर में बंद कर भूखा-प्यासा रखा गया. विरोध करने पर आरोपितों ने मिलकर मारपीट की और उसे घर से निकाल दिया. इसके बाद उसने अपने मायके वालों को घटना की जानकारी दी. दोनों पक्षों के बीच पंचायत भी हुई, लेकिन आरोप है कि ससुराल पक्ष अपनी मांग पर अड़ा रहा. पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि दोबारा ससुराल आने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई.
महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज, जांच शुरू
महिला थानाध्यक्ष खुशबू कुमारी ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर पति समेत चार नामजद आरोपितों के खिलाफ कांड संख्या 37/26 दर्ज कर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. उन्होंने कहा कि वरीय अधिकारियों के निर्देशानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By रणवीर कुमार
रणवीर कुमार प्रिंट माध्यम में 13 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. गोगरी (खगड़िया) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










