मुंगेर विवि में 212 सहायक प्राध्यापकों की काउंसलिंग शुरू, 19 नए सरकारी डिग्री कॉलेजों में होगी नियुक्ति

Updated:
विज्ञापन

मुंगेर विश्वविद्यालय का प्रशासनिक भवन. | Prabhat Khabar Network

Munger University News : मुंगेर विश्वविद्यालय के 19 नए राजकीय डिग्री कॉलेजों में शिक्षण व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 212 सहायक प्राध्यापकों की काउंसलिंग शुक्रवार से शुरू हो गई है. यह काउंसलिंग 7 और 8 अगस्त को आयोजित की जा रही है, जिसमें विभिन्न विषयों के चयनित अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं. मूल प्रमाण पत्रों के सत्यापन के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.

विज्ञापन

Munger University News : मुंगेर विश्वविद्यालय के अधीन संचालित 19 नए राजकीय डिग्री कॉलेजों में शिक्षण व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है. बिहार विश्वविद्यालय सेवा आयोग से चयनित कुल 212 संविदा सहायक प्राध्यापकों की काउंसलिंग शुक्रवार से शुरू हो गई. यह काउंसलिंग 7 और 8 अगस्त को प्रतिदिन पूर्वाह्न 10 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित की जा रही है. इसमें हिंदी, अंग्रेजी, इतिहास, राजनीतिशास्त्र, अर्थशास्त्र और समाजशास्त्र विषय के चयनित अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं.

अभ्यर्थियों को लाने होंगे सभी मूल प्रमाण पत्र

विश्वविद्यालय प्रशासन ने चयनित अभ्यर्थियों को काउंसलिंग के दौरान चयन एवं आवंटन सूची, शपथ पत्र, असैनिक शल्य चिकित्सक द्वारा जारी स्वास्थ्य प्रमाण पत्र, आरक्षी अधीक्षक द्वारा निर्गत चरित्र प्रमाण पत्र, जन्म तिथि, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, आवेदन के साथ जमा किए गए सभी शैक्षणिक एवं अन्य आवश्यक प्रमाण पत्रों की मूल प्रति तथा उनकी एक-एक छायाप्रति और पासपोर्ट आकार के फोटो साथ लाने का निर्देश दिया है. सभी दस्तावेजों के सत्यापन के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.

विषयवार अलग-अलग केंद्रों पर हो रही काउंसलिंग

विश्वविद्यालय ने विषयवार अलग-अलग स्थानों पर काउंसलिंग की व्यवस्था की है. अर्थशास्त्र के 38 अभ्यर्थियों की काउंसलिंग स्नातकोत्तर अर्थशास्त्र विभाग, आरडी एंड डीजे कॉलेज में हो रही है. इतिहास के 37 अभ्यर्थियों की काउंसलिंग मुंगेर विश्वविद्यालय के मीडिया कक्ष में आयोजित की गई है. हिंदी के 37 अभ्यर्थियों की काउंसलिंग स्नातकोत्तर रसायनशास्त्र विभाग, आरडी एंड डीजे कॉलेज में चल रही है. अंग्रेजी के 29 अभ्यर्थियों के लिए कुलानुशासक कार्यालय को केंद्र बनाया गया है. वहीं राजनीतिशास्त्र के 37 अभ्यर्थियों की काउंसलिंग स्नातकोत्तर राजनीतिशास्त्र विभाग, डीजे कॉलेज तथा समाजशास्त्र के 34 अभ्यर्थियों की काउंसलिंग विश्वविद्यालय के एनएसएस सेल कार्यालय में आयोजित की जा रही है.

शिक्षण व्यवस्था को मिलेगा नया बल

विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि इन सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति से नए राजकीय डिग्री कॉलेजों में शिक्षण कार्य को मजबूती मिलेगी. लंबे समय से शिक्षकों की कमी से जूझ रहे कॉलेजों में नियमित शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन और बेहतर ढंग से हो सकेगा, जिससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा का लाभ मिलेगा.


विज्ञापन
अमित झा

लेखक के बारे में

By अमित झा

अमित झा प्रिंट माध्यम में 06 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन