टर्फ फुटबॉल चैंपियनशिप में सुजावलपुर का जलवा, एनसी बरदह को 2-0 से हराकर जीता खिताब

Updated:
विज्ञापन

विजेता टीम | Prabhat Khabar Network

Football Championship : मुंगेर जिला फुटबॉल संघ द्वारा आयोजित डे-नाइट टर्फ फुटबॉल चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला सुजावलपुर और एनसी बरदह के बीच खेला गया. सुजावलपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2-0 से जीत दर्ज की और खिताब अपने नाम किया. प्रतियोगिता में 19 टीमों ने भाग लिया था.

विज्ञापन

Football Championship : मुंगेर जिला फुटबॉल संघ के तत्वावधान में जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित डे-नाइट टर्फ फुटबॉल चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला गुरुवार रात सुजावलपुर और एनसी बरदह के बीच खेला गया. मैच शुरू होने से पहले जिलाधिकारी निखिल धनराज ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया. मुकाबले की शुरुआत से ही दोनों टीमों ने आक्रामक खेल दिखाया, लेकिन शुरुआती गोल के साथ सुजावलपुर ने बढ़त बना ली.

शानदार तालमेल से 2-0 से दर्ज की जीत

मध्यांतर के बाद भी सुजावलपुर की टीम ने खेल पर अपनी पकड़ बनाए रखी. छोटे-छोटे पास और बेहतरीन तालमेल के दम पर टीम ने दूसरा गोल दागकर बढ़त 2-0 कर दी. इसके बाद एनसी बरदह की टीम वापसी का प्रयास करती रही, लेकिन सुजावलपुर की मजबूत रक्षापंक्ति के सामने सफल नहीं हो सकी. निर्धारित समय तक यही स्कोर कायम रहा और सुजावलपुर विजेता बन गया.

19 टीमों ने लिया हिस्सा, विजेताओं को मिला सम्मान

तीन दिवसीय प्रतियोगिता में जिला फुटबॉल लीग की 19 पंजीकृत टीमों ने भाग लिया. फाइनल मुकाबला देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मैदान में मौजूद रहे. समापन समारोह में जिलाधिकारी निखिल धनराज ने विजेता सुजावलपुर टीम को 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि और ट्रॉफी प्रदान की, जबकि उपविजेता एनसी बरदह को 25 हजार रुपये और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया. प्रतियोगिता का बेस्ट-22 पुरस्कार भी सुजावलपुर की टीम को मिला, जिसके तहत पांच हजार रुपये और ट्रॉफी दी गई.

टर्फ मैदान से खिलाड़ियों को मिलेगा बेहतर मंच

जिलाधिकारी निखिल धनराज ने कहा कि आधुनिक टर्फ मैदान पर खेलने से खिलाड़ियों की गति, तकनीक और फुटबॉल कौशल में और निखार आएगा. उन्होंने उम्मीद जताई कि इस तरह की प्रतियोगिताएं जिले की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी. इस अवसर पर मुंगेर फुटबॉल संघ के सचिव भावेश कुमार सिंह उर्फ बंटी, जिला खेल पदाधिकारी कमल किशोर, कार्यकारी अध्यक्ष मनोज कुमार अरुण सहित कई खेल पदाधिकारी उपस्थित रहे. प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका निभाने वाले रेफरी अजय यादव, मो. सलाम, मनीष कुमार, जूली कुमारी और अपर्णा कुमारी को भी अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया तथा प्रत्येक को पांच-पांच हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की गई.


विज्ञापन
Birendra Kumar Sing

लेखक के बारे में

By Birendra Kumar Sing

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन