सरकारी स्कूल में बारबालाओं के साथ डांस का वीडियो वायरल, गुरुजी पर अय्याशी के आरोप
Published by : VIKASH KUMAR Updated At : 13 Mar 2026 4:45 PM
स्कूल परिसर में मछली-शराब पार्टी व अश्लील हरकतों से शिक्षा का मंदिर हुआ शर्मसार
स्कूल परिसर में मछली-शराब पार्टी व अश्लील हरकतों से शिक्षा का मंदिर हुआ शर्मसार ग्रामीणों में भारी आक्रोश, जिला शिक्षा पदाधिकारी ने जांच के बाद सख्त कार्रवाई का दिया भरोसा भभुआ नगर. जिले के एक सरकारी स्कूल से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. आरोप है कि स्कूल के हेडमास्टर और एक अन्य शिक्षक की हरकतों से शिक्षा का मंदिर भी अय्याशी का अड्डा बन गया है. कभी स्कूल परिसर में मछली और शराब की पार्टी, तो कभी रात में बारबालाओं के साथ अश्लील डांस का वीडियो वायरल होने के बाद पूरे इलाके में यह चर्चा का विषय बन गया है. दूसरी तरफ मामला सामने आने के बाद अभिभावकों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है. बताया जा रहा है कि यह मामला भभुआ प्रखंड के पइयां स्थित एक सरकारी विद्यालय का है. वायरल वीडियो और स्थानीय लोगों के आरोपों के बाद शिक्षा विभाग की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं. हालांकि, मामले को लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी ने जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिया है. पइयां विद्यालय के हेडमास्टर व उसी विद्यालय के एक अन्य शिक्षक धर्मेंद्र शर्मा का वीडियो इन दिनों विशेष चर्चा में है. वायरल वीडियो में शिक्षक को बारबालाओं के साथ अश्लील हरकतें करते और डांस करते देखा जा सकता है. वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में इसकी चर्चा हो रही है. लोगों का कहना है कि जिस शिक्षक पर बच्चों को संस्कार देने की जिम्मेदारी होती है, अगर वही इस तरह की हरकत करते हैं तो समाज में गलत संदेश जाता है. इस घटना ने शिक्षा विभाग की छवि पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं. = शिक्षक की कार्यशैली से बच्चे व अभिभावक परेशान ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार स्कूल परिसर में ही मछली और शराब की पार्टी की जाती है. इससे विद्यालय का माहौल पूरी तरह खराब हो रहा है. इतना ही नहीं, मिड डे मील के काम में भी बच्चों से भी काम कराने का आरोप लगाया गया है. अभिभावकों का कहना है कि शिक्षक की कार्यशैली से बच्चे और उनके अभिभावक दोनों परेशान हैं. बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और स्कूल की व्यवस्था चरमराती नजर आ रही है. क्या कहते हैं डीइओ — इस पूरे मामले को लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी राजन कुमार ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है. वायरल वीडियो और लगाये गए आरोपों की जांच करायी जायेगी. यदि जांच में आरोप सही पाये गये तो संबंधित शिक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी. गौरतलब है कि इन दिनों जिले में इस मामले को लेकर काफी चर्चा हो रही है. हालांकि, ऐसे किसी वायरल वीडियो की पुष्टि प्रभात खबर नहीं करता है, लेकिन अगर आरोप सही साबित होते हैं तो यह शिक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला होगा. = क्या कहते हैं प्रधानाध्यापक इस संबंध में पूछे जाने पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक अशोक कुमार ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि जो वीडियो वायरल किया जा रहा है, वह लगभग तीन वर्ष पुराना है. उन्होंने बताया कि यह वीडियो किसी अन्य जिले में आयोजित एक निजी कार्यक्रम का है, जिसका विद्यालय या उनके वर्तमान कार्यस्थल से कोई संबंध नहीं है. ग्रामीणों द्वारा लगाये जा रहे आरोपों को उन्होंने पूरी तरह निराधार और बेबुनियाद बताया. प्रधानाध्यापक ने यह भी कहा कि इन दिनों उनका स्वास्थ्य भी ठीक नहीं रहता है, इसलिए उनके खिलाफ लगाये जा रहे आरोप सही नहीं हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










