जाम ऐसा कि पैदल चलना भी हो गया मुश्किल

kaimur news. पहले ही दिन मैट्रिक की परीक्षा शुरू होने एवं समाप्ति के पश्चात शहर में ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त नजर आयी. परीक्षार्थी व अभिभावक निर्धारित समय पर केंद्रों तक पहुंचने के लिए बेचैन नजर आये.
भभुआ सदर. शहर के 17 परीक्षा केंद्रों पर सोमवार से मैट्रिक की परीक्षा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के बीच शुरू हुई. परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गयी थी. इसमें प्रथम पाली की परीक्षा 9:30 बजे से 12 :30 बजे तक, जबकि द्वितीय पाली की परीक्षा 2:00 बजे से 5:00 बजे अपराह्न तक चली. लेकिन, पहले ही दिन मैट्रिक की परीक्षा शुरू होने एवं समाप्ति के पश्चात शहर में ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त नजर आयी. परीक्षार्थी व अभिभावक निर्धारित समय पर केंद्रों तक पहुंचने के लिए बेचैन नजर आये. इससे शहर में जाम की समस्या इस कदर हावी रही कि दोपहिया, तीन पहिया वाहनों की कौन कहे, पैदल चल रहे राहगीरों को भी जाम से निकलने के लिए घंटों कड़ी मशक्कत करनी पड़ी. खासकर एकता चौक से कचहरी रोड, जेपी चौक, पटेल चौक, देवीजी बाइपास रोड, कैमूर स्तंभ आदि जगहों पर लगे जाम में कुंभ जानेवाले यात्रियों सहित स्कूली वाहन भी फंसे रहे. जाम का सबसे भयंकर नजारा शहीद संजय सिंह महिला कॉलेज, टाउन हाइस्कूल, सब्जी मंडी आदि जगहों पर देखने को मिला. जहां जाम के चलते सहीद संजय सिंह महिला कालेज एवं टाउन हाइस्कूल के कई परीक्षार्थियों का जहां परीक्षा छूटते छूटते बचा तो कई लेट हो गये. वहीं, दोपहर बाद दूसरी पाली की परीक्षा के समय जाम की स्थिति यह रही परीक्षार्थियों से लेकर आम लोग भी जाम के चक्रव्यूह में उलझे नजर आये. लेकिन, पुलिस प्रशासन सड़क जाम से मुक्ति दिलाने में देर तक नदारद रहा. इससे स्थानीय पुलिस प्रशासन की उदासीनता व लापरवाही के वजह से शहर की ट्रैफिक व्यवस्था मैट्रिक परीक्षा के पहले दिन ही चरमराई नजर आ रही थी.
कुव्यवस्था से केंद्रों के आसपास मजाक बनी रही निषेधाज्ञा
इधर, सोमवार को अचानक बढ़ी हजारों की भीड़ के चलते शहर में बनाये गये परीक्षा केंद्रों के आसपास ट्रैफिक की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गयी और एसडीएम द्वारा लागू निषेधाज्ञा कुव्यवस्था के चलते मजाक बनी रही. जाम और भारी भीड़ की वजह से कई जगह तो परीक्षार्थी पैदल चलकर केंद्र तक पहुंचने को मजबूर हुये. दो पालियों में होने वाली परीक्षा को लेकर केंद्रों के बाहर भारी भीड़ लगी हुई थी. प्रथम पाली के परीक्षार्थी परीक्षा देकर निकलते नहीं थे कि दूसरे पाली में शामिल होने वाले परीक्षार्थी ठेलम ठेला शुरू कर दे रहे थे. परीक्षार्थियों के साथ आने वाले अभिभावकों की भीड़ परीक्षार्थियों से कम नहीं थी. जानकारी के अनुसार,सोमवार को शहर में परीक्षार्थियों के साथ काफी संख्या में उनके परिजन भी पहुंचे हुये थे, जिससे ट्रैफिक संबंधी और अधिक परेशानी खड़ी हो गयी और परीक्षार्थी से लेकर आमजन और स्कूली बच्चे तक परेशान रहे. हालांकि, जाम में ही परीक्षार्थियों के परिजन किसी प्रकार जगह बनाकर जाम से निकले और परीक्षा दे रहे परीक्षार्थियों को केंद्र तक पहुचाते दिखाई दिये.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










