गर्मी के मद्देनजर स्कूलों की टाइमिंग बदली, छह अप्रैल से सुबह 6:30 बजे खुलेंगे विद्यालय

Updated at : 03 Apr 2026 3:58 PM (IST)
विज्ञापन
गर्मी के मद्देनजर स्कूलों की टाइमिंग बदली, छह अप्रैल से सुबह 6:30 बजे खुलेंगे विद्यालय

निदेशक माध्यमिक शिक्षा ने जारी किये निर्देश, सात पीरियड की होगी पढ़ाई

विज्ञापन

= निदेशक माध्यमिक शिक्षा ने जारी किये निर्देश, सात पीरियड की होगी पढ़ाई लू के प्रकोप से बचाने के लिए बदला गया समय, 31 मई तक रहेगी नयी व्यवस्था मध्याह्न भोजन के लिए प्रधानाध्यापकों को मिली दो बैच की अनुमति भभुआ नगर. पूरे प्रदेश सहित जिले में लगातार बढ़ती गर्मी और संभावित लू की स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार के शिक्षा विभाग ने सरकारी विद्यालयों की समय-सारणी में आंशिक संशोधन किया है. माध्यमिक शिक्षा कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, सभी सरकारी प्रारंभिक, माध्यमिक व उच्च माध्यमिक विद्यालय छह अप्रैल से 31 मई तक (ग्रीष्मावकाश से पहले) सुबह 6:30 बजे से अपराह्न 12:30 बजे तक संचालित किये जायेंगे. यह निर्णय खासतौर पर छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य व सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है. निदेशक, माध्यमिक शिक्षा द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि पहले से लागू मॉडल टाइम टेबल में आंशिक संशोधन करते हुए यह नयी समय-सारणी लागू की गयी है. नयी व्यवस्था के तहत विद्यालय सुबह 6:30 बजे खुलेंगे, जहां 6:30 से 7:00 बजे तक प्रार्थना सभा, योग व अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियां आयोजित की जायेगी. इसके बाद नियमित कक्षाओं का संचालन शुरू होगा, जिसमें सात पीरियड (घंटियां) निर्धारित किये गये हैं. विद्यालय के अंतिम समय में यानी 12:20 से 12:30 बजे तक प्रधानाध्यापक के नेतृत्व में शिक्षकों द्वारा पढ़ाये गये विषयों की समीक्षा की जायेगी. साथ ही अगले दिन की कार्ययोजना तैयार की जायेगी और छात्रों को दिये गये गृहकार्य की जांच भी इसी दौरान की जायेगी. इस व्यवस्था का उद्देश्य शैक्षणिक गुणवत्ता को बनाये रखते हुए समय का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करना है. वहीं, मध्याह्न भोजन को लेकर भी विभाग ने विशेष दिशा-निर्देश जारी किये हैं. जिन विद्यालयों में कक्षा 1 से 8 तक के छात्रों की संख्या अधिक है और सभी को एक साथ भोजन कराना संभव नहीं है, वहां प्रधानाध्यापक को दो बैच में भोजन कराने की अनुमति दी गयी है. इसके तहत आधे छात्र मध्यांतर में भोजन करेंगे, जबकि शेष छात्र तीसरी या चौथी घंटी में भोजन करेंगे. इस दौरान अन्य छात्रों की पढ़ाई बाधित न हो, इसका विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया गया है. दो शिफ्ट में संचालित होने वाले विद्यालयों के लिए संबंधित जिले के जिला शिक्षा पदाधिकारी को स्थानीय मौसम की स्थिति को देखते हुए निर्णय लेने का अधिकार दिया गया है. इसके अलावा, अगर किसी जिले में गर्मी और लू की स्थिति अत्यधिक गंभीर हो जाती है, तो जिलाधिकारी अपने स्तर पर समय-सारणी में और आवश्यक संशोधन कर सकते हैं. शिक्षा विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि ग्रीष्मावकाश समाप्त होने के बाद विद्यालय पुनः अपने पुराने समय-सारणी के अनुसार सुबह 9:30 बजे से शाम 4:00 बजे तक संचालित होंगे. राज्य सरकार के इस फैसले का व्यापक स्तर पर स्वागत किया जा रहा है. अभिभावकों का मानना है कि सुबह जल्दी विद्यालय खुलने और दोपहर से पहले छुट्टी होने से बच्चों को भीषण गर्मी और लू के खतरे से बचाया जा सकेगा. वहीं, शिक्षकों ने भी इस निर्णय को व्यावहारिक और छात्रों के हित में बताया है. कुल मिलाकर, यह कदम हजारों छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को राहत देने वाला साबित होगा. = स्कूलों के लिए जारी समय-सारणी 7:00 से 7:40 बजे — पहली घंटी 7:40 से 8:20 बजे — दूसरी घंटी 8:20 से 9:00 बजे — तीसरी घंटी 9:00 से 9:40 बजे — मध्यांतर (प्रारंभिक विद्यालयों में मध्याह्न भोजन) 9:40 से 10:20 बजे — चौथी घंटी 10:20 से 11:00 बजे — पांचवीं घंटी 11:00 से 11:40 बजे — छठी घंटी 11:40 से 12:20 बजे — सातवीं घंटी (छात्र-छात्राओं की छुट्टी 12:20 बजे)

विज्ञापन
VIKASH KUMAR

लेखक के बारे में

By VIKASH KUMAR

VIKASH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन