पेट्रोल व डीजल के दाम स्थिर, लेकिन सवारी वाहनों का बढ़ गया किराया

Updated at : 28 Mar 2026 3:46 PM (IST)
विज्ञापन
पेट्रोल व डीजल के दाम स्थिर, लेकिन सवारी वाहनों का बढ़ गया किराया

पेट्रोल व डीजल कम मिलने, कीमत बढ़ने व लाॅकडाउन की अफवाह फैला कर अवैध वसूली शुरु

विज्ञापन

# पेट्रोल व डीजल कम मिलने, कीमत बढ़ने व लाॅकडाउन की अफवाह फैला कर अवैध वसूली शुरु # मोहनिया से भभुआ का किराया 5-10 रुपये प्रति यात्री अधिक वसूल रहे चालक विरोध करने पर अभद्र व्यवहार, जानकारी के अभाव में लुट रहे सीधे-साधे यात्री # प्रभात खास # मोहनिया सदर. पेट्रोल व डीजल के दामों में सरकार द्वारा किसी तरह की बढ़ोत्तरी नहीं की गयी है, इसके बावजूद मोहनिया से भभुआ तक चलने वाले कुछ छोटी सवारी गाड़ियों के चालकों ने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष व लाॅकडाउन का हवाला देते हुए शनिवार को कुछ यात्रियों से भभुआ से मोहनिया तक का किराया 05-10 रुपये प्रति यात्री अधिक लेना शुरु कर दिया है. जबकि, मोहनिया-भभुआ का किराया 20 रुपये प्रति यात्री है, कुछ चालकों द्वारा यात्रियों से कहा जा रहा है कि पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल व डीजल नहीं मिल रहा है, दाम बढ़ गये हैं और देश में लाॅकडाउन लगने वाला है, इसलिए किराया बढ़ गया है. जो यात्री जानकर हैं, वह ऐसे चालकों से बहस कर रहे हैं. पूछ रहे हैं बताओ किस टंकी पर डीजल पेट्रोल नहीं मिल रहा है और सरकार ने पेट्रोल डीजल का दाम कहां बढ़ा दिया है. नोकझोंक होने के बाद वैसे यात्रियों से 20 रुपये प्रति यात्री किराया लिया गया, जबकि सीधे साधे यात्रियों से 25-30 रुपये प्रति यात्री किराया लिया गया. कुछ ऑटो चालक तो यात्रियों के साथ अधिक किराया को लेकर अभद्र व्यवहार भी कर रहे हैं, जबकि केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह ने मीडिया को दिये गये अपने बयान में स्पष्ट कर दिया है कि पेट्रोल डीजल की कीमतें नहीं बढ़ेगी. इसके बावजूद कुछ लोग पेट्रोल डीजल के दाम बढ़ने व लाॅकडाउन लगने की अफवाह फैलाकर सरकार व प्रशासन को बदनाम करने की कोशिश करने के साथ यात्रियों से अवैध वसूली कर रहे हैं, जो किसी के लिए भी उचित नही है. ऐसे वाहन चालकों पर कानूनी कार्रवाई होना आवश्यक है. # क्या कहते हैं यात्री 1- सोनू कुमार ने बताया कि शनिवार को मैं भभुआ से अपने घर जाने के लिए शिवाजी चौक से ऑटो पर बैठकर मोहनिया पहुंचा, तो चालक 25 रुपये मांगने लगा, तो हमने कहा पांच रुपये अधिक क्यों. उसने कहा लाॅकडाउन लगने वाला है. पेट्रोल डीजल कम मिल रहा है, हमसे 25 रुपये लिया. 2- भभुआ के रहने वाले विजय कुमार ने बताया कि मोहनिया से भभुआ के लिए ऑटो पकड़ कर भभुआ गये, तो ड्राइवर 25 रुपये किराया मांगने लगा. हमने कहां अधिक किराया क्यों ले रहे है, उसने कहा डीजल का दाम बढ़ गया है. हमको मालूम नहीं था, 25 रुपये देना पड़ा, कौन झंझट करेगा. 3- भभुआ से मोहनिया आयी महिला यात्री पिंकी ने बताया कि शनिवार की सुबह भभुआ से सीएनजी ऑटो पर बैठकर मोहनिया आयी, तो ड्राइवर ने लाॅकडाउन लगने की संभावना बताकर पेट्रोल, डीजल व सीएनजी का दाम बढ़ने की बात कर अन्य यात्रियों से 25 रुपये की दर से किराया लिया. हमने 20 रुपये ही दिया. 4- अधिवक्ता अरुण सिंह ने बताया कि हम किसी कार्य से भभुआ गये थे, जाते समय 20 रुपये किराया लिया. भभुआ से ऑटो पर बैठकर वापस मोहनिया लौटे, तो 30 रुपये किराया मांगने लगा. हमने कहा 10 रुपये अधिक किराया कैसे मांग रहे है. चालक ने कहा डीजल का दाम बढ़ गया. हमने कहा कब बढ़ा दाम, हमको गलत मत बताओ. हम पेशे से वकील हैं. हम अभी बात करते हैं डीटीओ से, तब वह चुप हो गया और 20 रुपये किराया लिया. अफवाह फैलाकर अवैध किराया कुछ वाहन चालक यात्रियों से ले रहे है.

विज्ञापन
VIKASH KUMAR

लेखक के बारे में

By VIKASH KUMAR

VIKASH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन