1.93 करोड़ से 10 वार्डों में कराये जायेंगे पीसीसी सड़क व नालियों का निर्माण

Published by :VIKASH KUMAR
Published at :02 Apr 2026 3:51 PM (IST)
विज्ञापन
1.93 करोड़ से 10 वार्डों में कराये जायेंगे पीसीसी सड़क व नालियों का निर्माण

संवेदकों के ब्लैक लिस्टेड होने की वजह से निविदा करना पड़ा जारी

विज्ञापन

संवेदकों के ब्लैक लिस्टेड होने की वजह से निविदा करना पड़ा जारी 15 अप्रैल तक नये सिरे से जमा किये जा सकेंगे टेंडर, मई से शुरू होगा काम मुख्यमंत्री शहरी विकास योजना के तहत अछूते इलाकों पर विशेष ध्यान, जलजमाव से मिलेगी राहत भभुआ सदर. नगर पर्षद भभुआ ने षष्टम राज्य वित्त आयोग, 15वें वित्त आयोग और आंतरिक मद से शहर के 10 वार्डों में पीसीसी सड़क और होम पाइप व ढक्कन सहित नाली के कराये जानेवाले निर्माण कार्य का निविदा जारी कर दिया है. अब निविदा की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मई महीने से शहर के सभी 10 वार्डों में सड़क व नालियों का निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है. इन योजनाओं का धरातल पर कार्य पूरा होने से शहर में कई वार्डों में क्षतिग्रस्त सड़क व जलजमाव की समस्या कुछ हद तक दूर होने की संभावना है. दरअसल, यह सभी योजनाएं पिछले वित्तीय वर्ष में भी जारी हुए थे और इन वार्डों में कराये जानेवाले सभी कार्यों का टेंडर भी हो चुका था, लेकिन संवेदक रहे वार्ड 25 के राहुल कुमार, राहुल राज श्रीराज ट्रेडर्स और वार्ड पांच के मनोज कुमार सिंह को समयावधि में कार्य शुरू नहीं करने व टेंडर से हाथ खींच लेने की वजह से नगर पर्षद ने ब्लैक लिस्टेड कर दिया था. अब पुनः उन सभी 11 योजनाओं का एक बार फिर से पुनर्निविदा निकाला गया है. पुनर्निविदा 15 अप्रैल को संध्या 5 बजे तक जमा किया जा सकता है. गौरतलब है कि मुख्यमंत्री शहरी विकास योजना के तहत जिस मुहल्ले में जहां नाली-गली नहीं है या जिस मुहल्ले में नाला-गली कच्ची है उसको पक्कीकरण कर मुख्य नाली और मुख्य सड़क से जोड़ दिया जाना है. मुख्यमंत्री के सात निश्चय योजना में शामिल शहरी क्षेत्र में हर नाली-गली का पक्कीकरण योजना को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाना है. इसके लिए शहर के 10 वार्डों में स्थित कच्ची गलियों को चिह्नित कर सड़क व नाली निर्माण के लिए सूचीबद्ध किया गया है. नप के कार्यपालक पदाधिकारी संजय उपाध्याय ने बताया कि शहर के कई वार्डों में कराये जानेवाले पीसीसी सड़क व नाली के निर्माण का प्रारूप बनाकर नगर विकास विभाग को भेजी गयी थी. विभाग द्वारा अब निविदा जारी कर दी गयी है, जिसमें अबतक अछूते रहे कई इलाकों में विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. = शहरवासियों ने कहा-गुणवत्ता पर ध्यान देने की है जरूरत इधर, शहर के 10 वार्डों में कराये जानेवाले सड़क व नाली के निर्माण को लेकर शहरवासियों का कहना था कि नगर पर्षद केवल टेंडर निकाल रही है, लेकिन सड़क व नाली के निर्माण कार्य के गुणवत्ता पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है. शहर के रहनेवाले मनोज सिंह, राजेश चौधरी, रामराज राम आदि का कहना था कि हाल फिलहाल वार्ड दो और तीन, चकबंदी रोड सहित वार्ड 12 आदि में सड़क व नालियों का निर्माण कराया गया है, लेकिन कई जगह सड़क व नाली बनाये जाने के कुछ दिन बाद ही क्षतिग्रस्त होने लगे है. लोगों ने नगर पर्षद से सड़क नाली आदि के निर्माण में गुणवत्ता पर ध्यान देने की जरूरत बतायी है. = इन वार्डों में कराया जायेगा निर्माण कार्य =वार्ड 01 : रामपुर कॉलोनी रोड से चंद्रशेखर शर्मा के घर तक पीसीसी सड़क व नाली, लागत 23,20,000 = वार्ड 01 : बबली पांडेय के घर से हनुमान बिंद के घर होते हुए शर्मा जी के मकान तक सड़क व नाली, लागत 14,98,000 =वार्ड 05 : डीएवी स्कूल से वीरेंद्र यादव के घर तक रिटर्निंग आरसीसी गार्डवाल, लागत 24,83,100 =वार्ड 08 : मेन रोड से अजय सिंह के घर तक रोड व नाली ढक्कन सहित, लागत 3,27,700 =वार्ड 10 : शहजाद के घर से बाबू साहब के घर तक एक एनपी फोर होम पाइप व नाला, पीसीसी सड़क का निर्माण कार्य, लागत 17,40,800 =वार्ड 20 : शिवगंगा वाटिका के अंतिम बाउंड्री से प्रमोद सिंह के घर तक पीसीसी सड़क व एनपी-4 पाइप, नाला ढक्कन सहित, लागत 14,93,800 =वार्ड 25 : मुन्ना गोंड़ के घर से मठ व काली मंदिर तक पीसीसी सड़क एनपी 4 पाइप ढक्कन सहित, लागत 24,99,200 =वार्ड 25 : भरत मल्लाह के घर से पप्पू मल्लाह के घर होते हुए ब्रजकिशोर केशरी के घर तक सड़क व नाली ढक्कन, लागत 21,39,200 =वार्ड 03 : स्व लालमुनि चौबे के घर से राकेश श्रीवास्तव के घर तक पीसीसी रोड व आरसीसी नाला निर्माण ढक्कन सहित, लागत 13,01,700 =वार्ड 05 : भभुआ भगवानपुर रोड से अक्षयवर सिंह के मिल तक पीसीसी सड़क, लागत 16,79,900 =वार्ड 11 : रामजी के घर से बीरबल के घर तक पीसीसी सड़क व नाली ढक्कन सहित, लागत 7,65,300 =वार्ड 19 : कामेश्वर लाला के घर से कुदरा बाईपास रोड तक पीसीसी सड़क व एनपी-4 नाला ढक्कन के साथ, लागत 11,44,000

विज्ञापन
VIKASH KUMAR

लेखक के बारे में

By VIKASH KUMAR

VIKASH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन