डेरवा उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय का नया भवन तैयार, रास्ता नहीं होने से पढ़ाई ठप
Published by : VIKASH KUMAR Updated At : 20 Mar 2026 4:35 PM
करोड़ों की लागत से बना स्कूल भवन उद्घाटन से पहले ही असामाजिक तत्वों के निशाने पर
फोटो 5 विद्यालय का भवन करोड़ों की लागत से बना स्कूल भवन उद्घाटन से पहले ही असामाजिक तत्वों के निशाने पर असामाजिक तत्वों की भेंट चढ़ रहा आधुनिक भवन, खिड़की-दरवाजे व शीशे तोड़े भभुआ नगर. जिले के कुदरा प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय डेरवा का नया भवन तैयार होने के बावजूद अब तक पठन-पाठन शुरू नहीं हो सका है. करोड़ों रुपये की लागत से बने इस आधुनिक भवन का उपयोग छात्रों के लिए नहीं हो पा रहा है. हैरानी की बात यह है कि विद्यालय में शैक्षणिक गतिविधि शुरू होने से पहले ही असामाजिक तत्वों की नजर इस भवन पर पड़ गयी है. भवन की खिड़की-दरवाजों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है व शीशे तोड़े जा रहे हैं, जिससे सरकारी संपत्ति को क्षति हो रही है. स्थानीय लोगों के अनुसार, विद्यालय भवन तक पहुंचने के लिए अब तक समुचित रास्ता नहीं बनाया गया है. यही वजह है कि छात्र-छात्राएं व शिक्षक भवन तक आसानी से नहीं पहुंच पा रहे हैं. सरकार द्वारा भवन निर्माण तो करा दिया गया, लेकिन मूलभूत सुविधा यानी पहुंच मार्ग की अनदेखी कर दी गयी. यदि समय पर रास्ता बना दिया जाता, तो आज इस भवन में पढ़ाई शुरू हो चुकी होती व सैकड़ों छात्र इसका लाभ उठा रहे होते. ग्रामीणों में नाराजगी, जल्द समाधान की मांग गांव के लोगों में इस लापरवाही को लेकर काफी नाराजगी है. उनका कहना है कि सरकार की योजनाएं अधूरी तैयारी के कारण धरातल पर सफल नहीं हो पा रही हैं. ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द विद्यालय तक जाने के लिए पक्की सड़क का निर्माण कराया जाये, ताकि छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके. साथ ही भवन की सुरक्षा के लिए भी उचित इंतजाम किये जाने की आवश्यकता जतायी गयी है. शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी पर उठे सवाल इस मामले में शिक्षा विभाग की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं. लोगों का कहना है कि करोड़ों की लागत से भवन बनाने के बाद यदि उसका उपयोग ही न हो सके, तो यह सरकारी संसाधनों की बर्बादी है. विभाग को चाहिए था कि निर्माण कार्य के साथ-साथ पहुंच मार्ग व सुरक्षा की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाती. स्थानीय जनप्रतिनिधियों व अभिभावकों ने जिला प्रशासन से इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है. क्या कहते हैं अधिकारी इस संबंध में पूछे जाने पर डीपीओ (समग्र शिक्षा अभियान) विकास कुमार डीएन ने बताया कि विद्यालय भवन तक पहुंचने के लिए अभी संपर्क पथ उपलब्ध नहीं है. उन्होंने कहा कि इस समस्या को गंभीरता से लिया गया है व शीघ्र ही संपर्क पथ निर्माण के लिए जिला प्रशासन को पत्र लिखा जायेगा. उन्होंने आश्वासन दिया कि रास्ता बनते ही विद्यालय में पठन-पाठन कार्य सुचारू रूप से प्रारंभ कराने की दिशा में आगे की कार्रवाई की जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










