दुर्गावती सीएचसी के मुख्य गेट पर जलजमाव से मरीज परेशान, अस्पताल प्रबंधन ने समाधान की लगाई गुहार

अस्पताल गेट के सामने पथ पर उभरे गढ्ढो में किचड़ युक्त जलजमाव | Prabhat Khabar Network
दुर्गावती सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के मुख्य गेट पर जलजमाव और कीचड़ से मरीज और आम लोग परेशान हैं. लगभग तीन माह से बनी इस समस्या के कारण बीमारियों के फैलने का भी खतरा बढ़ गया है. अस्पताल प्रबंधन ने जल्द समाधान की मांग की है.
Kaimur News : दुर्गावती कैमूर स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के मुख्य गेट के सामने सड़क पर बने गड्ढों और उनमें भरे कीचड़युक्त पानी के कारण मरीजों एवं आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. अस्पताल पहुंचने वाली एंबुलेंस भी गड्ढों से हिचकोले खाते हुए गुजर रही हैं. करीब तीन माह से बनी इस समस्या के बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी है.
बीडीओ को भेजा गया पत्र
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने अस्पताल के मुख्य गेट के बाहर जलजमाव और जलनिकासी की समस्या को लेकर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) को पत्र भेजकर शीघ्र समाधान की मांग की है. 15 जुलाई 2026 को जारी पत्र में कहा गया है कि निकासी मार्ग पर गड्ढा होने और नाली का पानी बहने से पिछले लगभग तीन माह से जलजमाव की स्थिति बनी हुई है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को अस्पताल आने-जाने में कठिनाई हो रही है.
बीमारियों का भी बढ़ा खतरा
पत्र में कहा गया है कि जलजमाव के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है, जिससे जलजनित और मच्छरजनित बीमारियों के फैलने की आशंका भी बनी हुई है. अस्पताल प्रबंधन ने जनहित को देखते हुए समस्या का जल्द समाधान कराने का अनुरोध किया है.
पहले भी दी जा चुकी है सूचना
अस्पताल प्रशासन ने बताया कि इस समस्या की सूचना पूर्व में अंचलाधिकारी दुर्गावती को भी दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई. स्वास्थ्य प्रबंधक मनीष श्रीवास्तव ने बताया कि इस संबंध में भेजे गए पत्र की प्रतिलिपि अंचलाधिकारी, सिविल सर्जन-सह-सचिव जिला स्वास्थ्य समिति कैमूर तथा सिविल सर्जन कैमूर को भी भेजी गई है, ताकि मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जल्द स्थायी समाधान कराया जा सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










