कैमूर: टीबी उन्मूलन शिविर में 56 मरीजों को मिला पोषण फूड पैकेज, निश्चय मित्रों को किया गया सम्मानित

Author Pankaj singh|Edited by Rajeev Kumar
Updated:
विज्ञापन
शिविर में पहुंचे टीबी मरीज | Prabhat Khabar Network

शिविर में पहुंचे टीबी मरीज | Prabhat Khabar Network

भगवानपुर में टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया. इस दौरान 56 टीबी मरीजों को पोषण फूड पैकेज वितरित किए गए. निश्चय मित्रों को उनके सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया.

विज्ञापन

Kaimur News : भगवानपुर में टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, भगवानपुर में टीबी उन्मूलन शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में निश्चय मित्र योजना के तहत 56 टीबी मरीजों को पोषण फूड पैकेज उपलब्ध कराया गया. इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी अंकिता शेखर, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. चंदन कुमार, जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्यकर्मियों और समाजसेवियों ने निश्चय मित्र बनकर टीबी मरीजों को गोद लिया तथा उन्हें पहले महीने का फूड बास्केट प्रदान किया.

निश्चय मित्रों की पहल सराहनीय : बीडीओ

प्रखंड विकास पदाधिकारी अंकिता शेखर ने कहा कि टीबी मरीजों को स्वस्थ बनाने की दिशा में निश्चय मित्रों का सहयोग एक सकारात्मक और प्रेरणादायी पहल है. समाज के सक्षम लोगों की भागीदारी से मरीजों का उपचार और भी प्रभावी होगा.

दवा के साथ पौष्टिक आहार भी जरूरी : प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. चंदन कुमार ने बताया कि टीबी के इलाज में नियमित दवा के साथ पौष्टिक आहार और समय पर उपचार बेहद आवश्यक है. उन्होंने कहा कि मरीजों के प्रति सहयोगात्मक भावना रखते हुए समाज के सक्षम लोग, स्वयंसेवी संस्थाएं और जनप्रतिनिधि निश्चय मित्र बनकर उनकी मदद करें. इस योजना के तहत कोई भी व्यक्ति या संस्था उपचार अवधि के दौरान मरीज को गोद लेकर पोषण सामग्री उपलब्ध करा सकती है.

निश्चय मित्रों को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित

100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने में उत्कृष्ट सहयोग और सक्रिय सहभागिता के लिए निश्चय मित्रों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने टीबी मरीजों से नियमित एवं पूरी अवधि तक दवा लेने, पौष्टिक एवं संतुलित आहार ग्रहण करने तथा चिकित्सकीय परामर्श का पालन करने की अपील की. कार्यक्रम में सरैया पंचायत के मुखिया उमेश दुबे, जैतपुर पंचायत के मुखिया राजेंद्र प्रसाद, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक तारकेश्वर उपाध्याय, बीसीएम शिवानंद पांडेय, सीएचओ, स्वास्थ्यकर्मी एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे.


विज्ञापन
Pankaj Singh

लेखक के बारे में

By Pankaj Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन